
सरायकेला: झारखंड के सरायकेला जिले में एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या की बेहद भयावह वारदात सामने आई है। आरोप है कि महिला के जेठ ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने महिला के शरीर के कुछ हिस्सों को काटकर घर के पीछे कढ़ाई में भूनने का प्रयास भी किया। घटना के सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मेला देखकर लौट रही थी महिला, जेठ के घर रुकना पड़ा भारी
मृतका की पहचान जोम्बरो गांव की रहने वाली 47 वर्षीय विश्वासी सोय के रूप में हुई है। आरोपी पैलुश मुंडा की उम्र 54 वर्ष बताई गई है और वह रिश्ते में महिला का जेठ लगता है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को गांव के बाहर मेला लगा था। इसी दौरान हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन भी किया गया था। विश्वासी सोय मेले में हंडिया बेचने गई थी। शाम को घर लौटते समय वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई।
शराब पीने के बाद अकेली महिला को बनाया निशाना
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पैलुश मुंडा के घर पर आरोपी और गांव के कुछ अन्य लोगों ने साथ बैठकर शराब पी थी। देर रात नशा अधिक होने के बाद बाकी लोग अपने-अपने घर लौट गए, जबकि विश्वासी सोय वहीं रुक गई। आरोप है कि महिला को घर में अकेला पाकर पैलुश मुंडा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद अपराध उजागर होने और पकड़े जाने के डर से उसने महिला की हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव के टुकड़े किए, कढ़ाई में भूनने की कोशिश का आरोप
आरोप है कि महिला की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को गांव के एक नाले में फेंक दिया। इसके बाद उसने मृतका के शरीर के कुछ हिस्सों को काट लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने जांघ, कलेजी और निजी अंगों को घर के पीछे कढ़ाई में भूनने की कोशिश की। मंगलवार देर रात कुछ ग्रामीणों की नजर इस भयावह घटनाक्रम पर पड़ी। नाले में महिला का शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा, पुलिस को सौंपा आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी पैलुश मुंडा को घेरकर पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर रातभर अपनी निगरानी में रखा। इसके बाद दलभंगा ओपी पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार सुबह पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।



