
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में चार साल के बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। हादसे से नाराज लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। भीड़ का गुस्सा इतना बढ़ गया कि पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की कोशिश की गई और जवानों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इसी दौरान एक तस्वीर सामने आई, जिसमें एसएएफ का एक जवान हाथ में AK-47 लेकर भीड़ की ओर बढ़ता दिखाई दिया। हालांकि, दूसरे पुलिसकर्मी ने उसे रोक दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई और भीड़ के उग्र व्यवहार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मोटरसाइकिल की टक्कर से गई मासूम की जान, मुखिया के बेटे पर आरोप
मृतक बच्चे की पहचान अंशु कुमार के रूप में हुई है। उसकी उम्र चार साल बताई गई है। परिजनों के मुताबिक, बच्चा सड़क किनारे जा रहा था, तभी एक मोटरसाइकिल सवार ने उसे टक्कर मार दी। बच्चे के चाचा ने भी आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल की ठोकर लगने से उनके भतीजे की मौत हुई है।
मृतक के पिता ने दावा किया कि उनके बेटे को जानबूझकर मोटरसाइकिल से टक्कर मारी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे को अंजाम देने वाला व्यक्ति स्थानीय मुखिया का बेटा है। परिवार का यह भी कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची।
बेटे की मौत से गुस्साए पिता ने दी आरोपी के घर में आग लगाने की धमकी
इकलौते बेटे की मौत से आहत पिता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मोटरसाइकिल सवार बच्चे को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे उसके घर में आग लगा देंगे।
वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर मुखिया के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया। इसी नाराजगी के बीच प्रदर्शन कर रही भीड़ और पुलिसकर्मियों के बीच टकराव बढ़ गया। लोगों ने जवानों को घेरकर पीटा और पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ करने की कोशिश की।
AK-47 तानने के दावे पर DSP का अलग बयान
घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में AK-47 लेकर भीड़ की तरफ बढ़ने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि हथियार लेकर आगे बढ़ने वाला जवान एसएएफ का था। हालांकि, डीएसपी ने जवान द्वारा भीड़ पर AK-47 तानने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि जवान हथियार हाथ में लेकर दौड़ रहा था।
इस घटना के वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका और मौके पर बनी तनावपूर्ण स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बच्चे की मौत के बाद शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक टकराव में बदल गया।
सीवान की घटना के बाद फिर चर्चा में आया AK-47 का मामला
बिहार में पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 लेकर प्रदर्शनकारियों के सामने पहुंचने का मामला इससे पहले सीवान में भी सामने आया था। 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्यभर में प्रदर्शन हुए थे। इसी दौरान सीवान के जेपी चौक पर एक पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से गोलियां चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
उस पुलिसकर्मी की पहचान अभिषेक कुमार पटेल के रूप में हुई थी। वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद संबंधित सिपाही को निलंबित कर दिया गया था। अब समस्तीपुर की घटना ने एक बार फिर बिहार पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



