उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

बाल दिवस पर ‘90 दशक के रोमांटिक मेलोडीज’ संगीत समारोह सम्पन्न

गार्गी द्विवेदी एवं प्रियाली श्रीवास्तव की प्रस्तुतियां विशेष रूप से सराहनीय रहीं

लखनऊ : बाल दिवस पर उर्दू अकादमी सभागार, विभूति खंड, गोमती नगर, लखनऊ में ‘90 दशक के रोमांटिक मेलोडीज’ नामक भव्य संगीत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 90 के दशक के सदाबहार एवं रोमांटिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को पुरानी संगीत की स्वर्णिम यादों से रूबरू कराया। इस अवसर पर दूरदर्शन के प्रवीण कुमार मिश्रा, आकाशवाणी तथा लखनऊ के कई प्रतिष्ठित एवं सम्मानित संगीतकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। पुराने हिन्दी फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

बाल प्रतिभाओं में गार्गी द्विवेदी एवं प्रियाली श्रीवास्तव की प्रस्तुतियां विशेष रूप से सराहनीय रहीं। दोनों बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा एवं प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. भरत राज सिंह, महानिदेशक (तकनीकी ), स्कूल ऑफ़ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ एवं पूर्व प्रबंध निदेशक, राजकीय निर्माण निगम तथा सुश्री बाबिता साहू, आईपीएस, पूर्व कमांडेंट, पीएसी, सीतापुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी उपस्थिति कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रही और उन्होंने कलाकारों एवं बाल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक रवि अग्रवाल, जो स्वयं पुराने संगीत के जाने-माने कलाकार हैं, तथा उनका नाम संगीत के प्रसिद्ध सितारों मेसे लिया जाता है, प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बनाया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. विश्वास वर्मा के अथक प्रयासों एवं कुशल समन्वय से बाल दिवस के अवसर पर यह सुंदर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। समारोह ने एक ओर बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, वहीं दूसरी ओर 90 के दशक के मधुर एवं सदाबहार संगीत को नई पीढ़ी से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया। उपस्थित दर्शकों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए इसे बाल दिवस का एक यादगार एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध आयोजन बताया।

Related Articles

Back to top button