उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

SMS में उत्साह के साथ मनाया गया बाल दिवस

लखनऊ : स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस), लखनऊ में 14 नवम्बर 2026 को बाल दिवस बड़े उत्साह, उमंग एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शरद सिंह, सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एसएमएस ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक क्षमता के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों, रचनात्मकता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को भी विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश के भविष्य की आधारशिला है और विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए करना चाहिए।

इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह, महानिदेशक, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज, लखनऊ ने कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष 14 नवम्बर को बाल दिवस देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। पंडित नेहरू बच्चों के प्रति विशेष स्नेह रखते थे, बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहते थे और उनका मानना था कि बच्चों को उचित शिक्षा, संस्कार एवं अवसर प्रदान कर देश का सशक्त और उज्ज्वल भविष्य निर्मित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, डीन–स्टूडेंट वेलफेयर; डॉ. अजय कुमार सिंह यादव, विभागाध्यक्ष; डॉ. पुष्पांजलि सिंह; डॉ. मनमोहन सिंह; डॉ. वेद कुमार; डॉ. अनोद कुमार सिंह; सुजाता सिन्हा सहित संस्थान के शिक्षकगण एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बाल दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सांस्कृतिक चेतना, सहयोग की भावना एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button