ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक 19 नवंबर को, ईरान संकट से AI तक इन मुद्दों पर होगी चर्चा

नई दिल्ली: दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों की संभावित त्रिपक्षीय बैठक को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात की तारीख सामने आ गई है। चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, तीनों नेता 19 नवंबर को चीन के शेन्जेन शहर में बैठक करेंगे। यह मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान होगी।
शेन्जेन दक्षिणी चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में स्थित है और हांगकांग की सीमा से सटा हुआ है। वर्ष 1980 में चीन का पहला विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) बनने के बाद से यह शहर प्रौद्योगिकी और विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।
चीन 18 और 19 नवंबर को 33वीं APEC आर्थिक नेताओं की बैठक की मेजबानी कर रहा है। इसमें संगठन के 21 सदस्य देशों के नेता हिस्सा लेंगे। इसी सम्मेलन के इतर तीनों राष्ट्राध्यक्षों की मुलाकात प्रस्तावित है।
ईरान संकट और परमाणु हथियारों में कटौती पर हो सकती है चर्चा
तीनों देशों के नेताओं की इस बैठक में वैश्विक संघर्षों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और परमाणु हथियारों में कटौती जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। ईरान से जुड़ा संकट भी चर्चा का प्रमुख विषय बन सकता है।
चीन, ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और उसके कच्चे तेल का सबसे बड़ा खरीदार है। ऐसे में ईरान से जुड़े किसी भी संघर्ष का चीन के आर्थिक हितों पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से इस मुद्दे पर बीजिंग का रुख बैठक में अहम माना जा रहा है।
ट्रंप और पुतिन के बीच अलग से मुलाकात का कार्यक्रम नहीं
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, यूक्रेन युद्ध इस त्रिपक्षीय बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं होगा। वॉशिंगटन इस संघर्ष को लेकर मॉस्को के साथ अलग वार्ता प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। व्हाइट हाउस ने भी स्पष्ट किया है कि चीन यात्रा के दौरान ट्रंप और पुतिन के बीच अलग से कोई द्विपक्षीय बैठक तय नहीं है।
फाइनेंशियल टाइम्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया है कि फिलहाल ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच भी चीन या फिलीपींस में मुलाकात की कोई योजना नहीं है।
शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे ट्रंप
त्रिपक्षीय बैठक के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच अलग से द्विपक्षीय वार्ता भी होगी। ट्रंप दो दिवसीय APEC शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए बुधवार देर रात शेन्जेन पहुंचेंगे।
गुरुवार, 19 नवंबर को उनकी शी जिनपिंग के साथ बातचीत निर्धारित है। इस मुलाकात पर भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर रहेगी। दोनों नेताओं के बीच होने वाली चर्चा और तीनों देशों की संयुक्त बैठक में उठने वाले मुद्दों को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।



