अन्तर्राष्ट्रीय

बालेन शाह के पहले विदेश दौरे का बड़ा संदेश, भारत आकर चीन के करीब होने की अटकलों पर लगाया विराम

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपना दो दिवसीय अहम भारत दौरा पूरा कर स्वदेश लौट गए हैं। इसी साल मार्च में सत्ता संभालने के बाद उन्होंने एक साल तक किसी भी दूसरे देश की यात्रा नहीं करने का फैसला किया था। इस कदम से नेपाल की दशकों पुरानी कूटनीतिक परंपरा टूट गई थी। आमतौर पर नेपाल का प्रधानमंत्री पद संभालने के कुछ ही हफ्तों के भीतर भारत या चीन की यात्रा करता है।

हालांकि, सत्ता संभालने के करीब सात महीने बाद बालेन शाह ने अपनी पहली राजकीय विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना। इसे उनकी विदेश नीति को लेकर उठ रही उन अटकलों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, जिनमें उन्हें चीन के करीब बताया जा रहा था। रविवार शाम करीब 3:15 बजे नई दिल्ली पहुंचे बालेन शाह सोमवार शाम चार बजे स्वदेश रवाना हो गए। इस संक्षिप्त दौरे के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को नई दिशा देने और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर, कूटनीतिक लिहाज से अहम सम्मान

रैपर से राजनेता बने बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में भव्य राजकीय स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कूटनीतिक दृष्टि से इसे खास सम्मान माना जा रहा है। साल 2018 में केपी शर्मा ओली के बाद बालेन शाह नेपाल के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनके बीच शेर बहादुर देउबा और पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ भी भारत आए थे, लेकिन उन्हें यह सम्मान नहीं मिला था।

पशुपतिनाथ का प्रसाद और संगम जल, उपहारों में दिखी साझा विरासत

भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत की झलक दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच हुए उपहारों के आदान-प्रदान में भी दिखाई दी। भारत में करीब 80 प्रतिशत और नेपाल में 81.2 प्रतिशत आबादी हिंदू है। द्विपक्षीय बातचीत से पहले बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काठमांडू स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट किया। इसके साथ ही लकड़ी के नक्काशीदार डिब्बे में रुद्राक्ष, शालिग्राम और चंदन भी दिया।

प्रधानमंत्री मोदी की पशुपतिनाथ मंदिर में गहरी आस्था रही है। वह 2014 से अब तक तीन बार मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। इनमें अगस्त 2014 और साल 2018 में दो यात्राएं शामिल हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह को पीतल के कलश में पवित्र संगम जल भेंट किया। बालेन शाह दुनिया के ऐसे तीसरे राष्ट्राध्यक्ष हैं, जिन्हें मोदी ने यह विशेष उपहार दिया है। इससे पहले मार्च 2025 में मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोखुल को और जुलाई 2025 में त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर को संगम जल भेंट किया गया था। कमला प्रसाद बिसेसर को संगम के साथ सरयू का जल भी दिया गया था।

इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अयोध्या और नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सीमा विवाद को किनारे रख विकास और सहयोग पर जोर

भारत और नेपाल के बीच 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है। यह सीमा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम से लगती है। साल 1950 की भारत-नेपाल शांति और मित्रता संधि के तहत दोनों देशों के नागरिक बिना वीजा और पासपोर्ट के सामान्य पहचान पत्र के आधार पर एक-दूसरे के देश में आवाजाही कर सकते हैं। सीमा की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान तैनात रहते हैं।

दोनों देशों के बीच सीमा विवाद भी लंबे समय से एक संवेदनशील मुद्दा रहा है। साल 2019 में भारत के नए राजनीतिक नक्शे में लिम्पियाधुरा, कालापानी और लिपुलेख को शामिल किए जाने के बाद नेपाल ने संविधान में संशोधन कर इन क्षेत्रों को अपने नक्शे में दिखाया था। सत्ता संभालने के बाद बालेन शाह ने भी अतिक्रमण को लेकर बयान दिया था। इसके बाद माना जा रहा था कि भारत यात्रा के दौरान सीमा विवाद पर बातचीत हो सकती है।

हालांकि, इस दौरे में दोनों नेताओं ने विवादित मुद्दों के बजाय विकास, आर्थिक सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया।

भारत ने नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के पैकेज का किया ऐलान

द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत ने नेपाल के विकास और पुनर्निर्माण को गति देने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें 15 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज भी शामिल है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

  • आर्थिक सहायता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की।
  • अंतरिक्ष सहयोग: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) नेपाल में उपग्रह संचार नेटवर्क स्थापित करेगा।
  • फॉरेंसिक और पुलिस प्रशिक्षण: गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) नेपाल पुलिस को फॉरेंसिक जांच में सहायता देगा। इसके साथ ही नेपाल के पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को भारत में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • पारंपरिक चिकित्सा: दोनों देश आयुर्वेद और उपचार की अन्य पारंपरिक पद्धतियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे।

नेपाल के व्यापार में भारत की 62.3 प्रतिशत हिस्सेदारी

आर्थिक मोर्चे पर नेपाल की भारत पर निर्भरता काफी अधिक है। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और विदेशी निवेश का प्रमुख स्रोत है। वहीं, नेपाल भारत का 12वां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। नेपाल के कुल व्यापार में भारत की हिस्सेदारी 62.3 प्रतिशत है।

वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच कुल 82,950 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। इसमें भारत ने नेपाल को 65,825 करोड़ रुपये का सामान निर्यात किया, जबकि नेपाल से 17,125 करोड़ रुपये का आयात किया गया। भारत से नेपाल भेजे जाने वाले प्रमुख उत्पादों में पेट्रोलियम, लोहा, इस्पात, वाहन, मशीनरी और अनाज शामिल हैं।

नेपाल के कुल विदेशी निवेश में भारतीय निवेशकों की हिस्सेदारी करीब 33 प्रतिशत है। वहां विनिर्माण, बिजली, बैंकिंग, बीमा, शिक्षा और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों में करीब 150 भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं।

चारों तरफ जमीन से घिरे होने के कारण नेपाल को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए समुद्री मार्ग तक सीधी पहुंच हासिल नहीं है। इस जरूरत को देखते हुए भारत ने नेपाल को कांडला और पारादीप बंदरगाहों के इस्तेमाल की सुविधा पहले से दे रखी है। ऐसे में बालेन शाह की भारत यात्रा को दोनों देशों के राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button