राज्यहरियाणा

कृष्ण बेदी का हुड्डा और कांग्रेस पर हमला, बोले- भाजपा ने महिलाओं को संगठन और सरकार में दिया सम्मान

चंडीगढ़: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने महिला सशक्तिकरण को केवल नारों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि संगठन और सरकार में महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर उन्हें नेतृत्व का अवसर दिया है।

कृष्ण बेदी ने प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में महिलाओं और दलित वर्ग के सम्मान एवं सशक्तिकरण की बातें तो की गईं, लेकिन उन्हें वास्तविक रूप से आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनाया है।

कुमारी शैलजा का नाम लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और दलित महिला नेत्री कुमारी शैलजा का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2014 में जब उन्हें अंबाला से चुनाव लड़ना था, तब उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। बेदी ने दावा किया कि शैलजा को आशंका थी कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा उन्हें चुनाव जीतने में सहयोग नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के व्यवहार, भाषा और संस्कार से उसके विचारों और दूसरों के प्रति सम्मान का पता चलता है। बेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में कुमारी शैलजा जैसी वरिष्ठ नेता को भी उचित सम्मान नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि जब कुमारी शैलजा सांसद थीं, तब उनके संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंचकूला, नारायणगढ़, छछरौली, साढौरा और मुलाना क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विकास कार्यों में भी कुमारी शैलजा के नाम का उल्लेख नहीं किया गया।

भाजपा ने महिलाओं को दिए अहम पद: बेदी

कृष्ण बेदी ने कहा कि भाजपा ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई उदाहरण पेश किए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी महिला को दी गई है, जबकि केंद्र सरकार में वित्त मंत्रालय जैसी अहम जिम्मेदारी भी महिला के पास है।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को केवल प्रतिनिधित्व देने तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय लेने के अवसर भी देती है।

संविधान और विकास के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस पर संविधान को लेकर हमला बोलते हुए बेदी ने कहा कि पार्टी संविधान की बात करती है, लेकिन उसकी भावना और समानता के सिद्धांतों पर काम नहीं करती। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को संविधान में वास्तविक विश्वास होता तो सभी वर्गों के सम्मान और समान विकास के लिए काम करती।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

किसानों के मुद्दे पर भी रखी बात

कृष्ण बेदी ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और भाजपा सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के बावजूद खाद और यूरिया जैसे कृषि उत्पादों की उपलब्धता और कीमतों को नियंत्रित रखना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश और किसानों के हितों को प्राथमिकता नहीं दी। कृष्ण बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सम्मान, किसान कल्याण और देश की आर्थिक मजबूती को आगे बढ़ाना है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित है।

Related Articles

Back to top button