करिअर

एमपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा की नई तारीख घोषित, 9 दिसंबर को होगा एग्जाम; जानें परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और चयन प्रक्रिया

भोपाल: मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 9 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले परीक्षा 19 नवंबर को प्रस्तावित थी। नई तारीख जारी होने के बाद अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भी जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड MPESB की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।

7500 पदों पर होगी भर्ती, लाखों अभ्यर्थियों में मुकाबला

इस भर्ती अभियान के तहत मध्य प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल (GD) के कुल 7,500 पद भरे जाएंगे। इनमें 6,800 पद नॉन-एसएएफ कैडर और 700 पद स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) के लिए निर्धारित हैं।

भर्ती को लेकर उम्मीदवारों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। 7,500 रिक्तियों के लिए करीब 7.54 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक पद के लिए औसतन 100 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।

चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा यह वेतन

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक चली थी। आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 11 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध कराई गई थी।

चयनित अभ्यर्थियों को 19,500 रुपये से 62,000 रुपये प्रतिमाह वेतनमान के साथ नियमानुसार अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी मिलेगा।

ऐसा होगा परीक्षा का पैटर्न

एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के रूप में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे यानी 120 मिनट होगी।

प्रश्नपत्र में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाएंगे और परीक्षा 100 अंकों की होगी।

किन विषयों से पूछे जाएंगे सवाल

परीक्षा में सामान्य ज्ञान एवं तार्किक ज्ञान से 40 अंक, बौद्धिक क्षमता एवं मानसिक अभिरुचि से 30 अंक तथा विज्ञान एवं सरल अंकगणित से 30 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे।

कुल प्रश्नों की संख्या 100 होगी और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा।

निगेटिव मार्किंग नहीं होगी

इस परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक दिया जाएगा। गलत उत्तर देने पर किसी प्रकार की निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। उम्मीदवारों को सभी प्रश्नों के लिए बहुविकल्पीय उत्तर दिए जाएंगे, जिनमें से सही विकल्प का चयन करना होगा।

लिखित परीक्षा के बाद होंगे ये चरण

लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), शारीरिक मापदंड परीक्षण (PMT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन इन सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

एडमिट कार्ड ऐसे करें डाउनलोड

प्रवेश पत्र जारी होने के बाद उम्मीदवार सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद Admit Card सेक्शन में जाकर MP Police GD Constable 2026 Admit Card लिंक पर क्लिक करें।

इसके बाद 13 अंकों का आवेदन नंबर, जन्मतिथि, मां के नाम के पहले दो अक्षर और आधार नंबर के अंतिम तीन अंक दर्ज करें। स्क्रीन पर दिए गए सुरक्षा प्रश्न का उत्तर भरकर Search पर क्लिक करें। एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट साथ लेकर जाना अनिवार्य होगा।

Related Articles

Back to top button