देहरादून: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस चुनाव में महिला मतदाता सत्ता की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। पिछले कई विधानसभा चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में महिलाओं का मतदान प्रतिशत लगातार पुरुषों से अधिक रहा है।
यही वजह है कि प्रदेश की महिला मतदाताओं को साधना अब सभी राजनीतिक दलों की प्राथमिकता बन गया है। धामी सरकार की ओर से घोषित बैंणी-भुली योजना को भी महिला वोटरों को ध्यान में रखकर उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है।
राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर प्रदेश की राजनीति तक महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। पिछले तीन विधानसभा चुनावों में महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से चार से सात प्रतिशत तक ज्यादा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि आगामी चुनाव में भी महिला वोटर सत्ता की चाबी अपने हाथ में रख सकती हैं।
महिला वोटरों की बढ़ती ताकत पर राजनीतिक दलों की नजर
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 72.78 लाख है, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 34.84 लाख से ज्यादा है। जनवरी 2027 में जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
महिला मतदाताओं की संख्या और मतदान के प्रति उनकी सक्रियता को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल उन्हें अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
बैंणी-भुली योजना से महिला वोटरों पर फोकस
धामी सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बैंणी-भुली योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत करीब 5.20 लाख महिलाओं को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
राजनीतिक जानकार इसे महिला मतदाताओं के बीच सरकार की पहुंच मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं। इसके अलावा सरकार की ओर से महिला कल्याण से जुड़ी कई अन्य योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।
युवाओं के लिए टैबलेट योजना का भी ऐलान
महिलाओं के साथ युवाओं को भी ध्यान में रखते हुए सरकार ने टैबलेट योजना की घोषणा की है। इसके तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के अलावा सरकारी डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसरों के करीब सवा दो लाख छात्रों को टैबलेट दिए जाएंगे।
इससे पहले वर्ष 2022 में सरकार ने 2.50 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट के लिए डीबीटी के माध्यम से 12-12 हजार रुपये की सहायता दी थी।
पिछले चार विधानसभा चुनावों में महिलाओं का रहा दबदबा
वर्ष 2007
उत्तराखंड के दूसरे विधानसभा चुनाव में कुल 59.85 लाख मतदाताओं में से 59.45 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था। इस चुनाव में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 58.95 रहा, जबकि महिलाओं की भागीदारी 59.45 प्रतिशत रही। इस चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनी थी।
वर्ष 2012
तीसरे विधानसभा चुनाव में कुल 63.77 लाख मतदाताओं में से 66.17 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। इस बार महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 68.12 रहा, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 64.41 प्रतिशत था। इस चुनाव में कांग्रेस-पीडीएफ गठबंधन की सरकार बनी।
वर्ष 2017
चौथे विधानसभा चुनाव में राज्य में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 76.06 लाख हो गई थी। इनमें 49.22 लाख यानी 64.72 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
इस चुनाव में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 68.72 रहा, जबकि पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 61.11 प्रतिशत रही। भाजपा ने इस चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल किया।
वर्ष 2022
पांचवें विधानसभा चुनाव में कुल 82.66 लाख मतदाताओं में से 64.07 प्रतिशत यानी 52.96 लाख लोगों ने मतदान किया। इस चुनाव में भी महिला मतदाता आगे रहीं।
महिलाओं का मतदान प्रतिशत 67.16 रहा, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 61.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई।
27 नवंबर को होगी धामी कैबिनेट की बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 27 नवंबर को कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के मानदेय बढ़ोतरी से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग अपने-अपने प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों और विभागीय नियमावलियों में संशोधन पर भी चर्चा होने की संभावना है।




