बिहारराज्य

JDU मना रही सुशासन दिवस, नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी

पटना: जनता दल यूनाइटेड मंगलवार को बिहार में सुशासन दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी प्रदेश से लेकर प्रखंड स्तर तक कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों के जरिए नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, सामाजिक बदलाव और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को जदयू की ओर से पूरे प्रदेश में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। पटना स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में हुए मुख्य कार्यक्रम में 1001 दीप जलाकर सुशासन, विकास और नई उम्मीदों का संदेश दिया गया।

दीपोत्सव के जरिए दिया सुशासन और विकास का संदेश

पटना स्थित जदयू कार्यालय को दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलाचरण के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत की।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में भी कम से कम 11-11 दीप जलाकर इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया। जदयू ने इस आयोजन को बिहार में सुशासन की स्थापना और विकास के दो दशक पूरे होने की स्मृति से जोड़ा है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने बिहार की जिम्मेदारी संभाली थी और राज्य को जंगलराज से सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि इसी दिन नए बिहार की नींव रखी गई थी, इसलिए पार्टी हर वर्ष 24 नवंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाती है।

नीतीश कुमार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति

जदयू की ओर से आयोजित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य नीतीश कुमार के शासनकाल में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना है।

पार्टी का कहना है कि पिछले दो दशकों में बिहार में कई क्षेत्रों में बदलाव हुए हैं और सुशासन की स्थापना के प्रयास किए गए हैं। इसी संदेश को लेकर मंगलवार को राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

लेशी सिंह और उमेश कुशवाहा ने गिनाए सरकार के काम

कार्यक्रम की प्रदेश संयोजक और भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 में सत्ता संभालने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार में कई ऐतिहासिक काम किए हैं।

वहीं, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 24 नवंबर 2005 वह ऐतिहासिक दिन था, जब बिहार में कुशासन के दौर को खत्म कर सुशासन की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में जदयू के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें वशिष्ठ नारायण सिंह, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, संजय गांधी, अफाक अहमद, राजीव रंजन प्रसाद, नीरज कुमार और जयंत राज शामिल रहे।

सैंड आर्ट बना आकर्षण का केंद्र

सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में जदयू प्रदेश कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। परिसर में नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और उनके सुशासन एवं विकास के संकल्प को दर्शाती एक सैंड आर्ट भी बनाई गई, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार और निशांत के समर्थन में नारे भी लगाए।

Related Articles

Back to top button