देहरादून: उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए धामी सरकार जल्द ही बैंणी-भुली योजना शुरू करने जा रही है। योजना के तहत दिसंबर में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
इस योजना के तहत सरकार कुल 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में देगी। इसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश की 5 लाख 23 हजार महिलाओं को इस योजना के दायरे में लाने का है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मंत्री ने बताया कि बैंणी-भुली योजना के जरिए स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे महिलाएं अपने परिवार के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सरकार का उद्देश्य उन्हें आर्थिक सहयोग देने के साथ आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
पहली किस्त में सरकार खर्च करेगी 523 करोड़ रुपये
बैंणी-भुली योजना की पहली किस्त के तहत सरकार के खजाने से कुल 523 करोड़ रुपये की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड की हर बेटी को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।
योजना की दूसरी किस्त के रूप में भी इतनी ही राशि जारी की जानी है, लेकिन इसका भुगतान अगली सरकार के कार्यकाल में होने की संभावना है।
शहरी महिलाओं के लिए भी योजना लाने की तैयारी
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि विभाग की ओर से महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन बढ़ाने के साथ महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बैंणी-भुली योजना इन प्रयासों को और गति देगी। शहरी क्षेत्र की महिलाओं को योजना में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही उनके लिए भी योजना लेकर आएगी।
महिला वोटरों को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा फैसला
उत्तराखंड में बैंणी-भुली योजना को धामी सरकार के बड़े फैसले के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकार इसे प्रदेश की महिला मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया कदम भी मान रहे हैं।
सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कर्मचारियों, भोजनमाताओं और शिक्षा विभाग में कार्यरत अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने की भी घोषणा की गई है। इनकी संख्या करीब 75 हजार बताई गई है। मुख्यमंत्री ने दिसंबर से बढ़ा हुआ मानदेय देने की बात कही है।
दूसरी किस्त का भुगतान अगली सरकार पर निर्भर
बैंणी-भुली योजना की दूसरी किस्त का भुगतान अगली सरकार के खाते से होने की संभावना है। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनवरी के पहले सप्ताह में आदर्श आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में दिसंबर में पहली किस्त जारी करने के बाद मौजूदा सरकार के लिए दूसरी किस्त जारी करना मुश्किल माना जा रहा है।




