झारखण्डराजनीति

झारखंड विधानसभा में MDR और SIR पर घमासान तय, हेमंत सरकार ने कसी कमर; BJP भी तैयार

रांची: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में एमडीआर और एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों को सदन में मजबूती के साथ सरकार का पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, भाजपा ने भी विधानसभा सत्र को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर ली है। भाजपा विधायक दल की बैठक में राज्य सरकार के हर सवाल और आरोप का तर्क के साथ जवाब देने की तैयारी की गई है।

हेमंत सोरेन ने मंत्रियों और विधायकों को दिए तैयारी के निर्देश

विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से सत्ता पक्ष के सभी मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान एमएमडीआर और एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखने की रणनीति पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिया कि वे पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ सदन में मौजूद रहें, ताकि विपक्ष के सवालों का मजबूती से जवाब दिया जा सके।

सत्ताधारी दलों की सबसे बड़ी चिंता एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के उन प्रावधानों को लेकर है, जिनसे खनिज युक्त भूमि पर उपकर लगाने के राज्य के अधिकार सीमित होने की आशंका जताई जा रही है।

खनिज राजस्व को लेकर सरकार को नुकसान की चिंता

बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू ने एमएमडीआर और एसआईआर दोनों मुद्दों पर अपनी चिंताएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

के. राजू ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाया गया एमएमडीआर संशोधन कानून खनिज उत्पादक राज्यों के हितों को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि संशोधन के बाद राज्यों की खनिज अधिकारों और खनिज वाली जमीन पर अतिरिक्त टैक्स या सेस लगाने की शक्तियों पर असर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि इससे झारखंड जैसे खनिज संपन्न राज्य के राजस्व पर सीधा प्रभाव पड़ सकता है और सालाना हजारों करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। राजस्व में कमी आने से राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी वित्तीय दबाव बढ़ सकता है।

भाजपा बोली- सरकार के हर सवाल का देंगे जवाब

दूसरी तरफ भाजपा ने भी विशेष सत्र को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई।

बैठक के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि सरकार की ओर से एमएमडीआर और एसआईआर को लेकर बुलाया गया विशेष सत्र एक राजनीतिक नैरेटिव का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार के हर संशय और सवाल का भाजपा तर्क के साथ जवाब देगी।

जायसवाल ने कहा कि एसआईआर पहली बार नहीं हो रही है। वर्ष 2026 में होने वाली यह प्रक्रिया चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है और इसका भाजपा से कोई संबंध नहीं है।

SIR को लेकर भाजपा का पलटवार

भाजपा नेता नवीन जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, लेकिन इसी ईवीएम प्रक्रिया से बनी सरकार में वे सत्ता में आए हैं।

उन्होंने एसआईआर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि अगर किसी को लगता है कि मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए गए हैं तो उन्हें संबंधित लोगों की सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और बीएलओ को देनी चाहिए। चुनाव आयोग इसकी जांच करता है।

उन्होंने दावा किया कि झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया करीब 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले महीने मतदाता सूची जारी की जाएगी।

MDR कानून पर भाजपा और सरकार आमने-सामने

एमएमडीआर के मुद्दे पर भाजपा ने कहा कि यह कानून पूरे देश के लिए बनाया गया है, सिर्फ झारखंड के लिए नहीं। नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सेस और टैक्स लगाकर कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है, जिससे बाजार पर असर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में कोयले की बिक्री बढ़ रही है, जबकि झारखंड में बिक्री में गिरावट देखी जा रही है।

वहीं, झारखंड सरकार का कहना है कि एमएमडीआर संशोधन से राज्य के अधिकार और राजस्व दोनों प्रभावित होंगे। इसी मुद्दे को लेकर विधानसभा सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button