झारखण्डराज्य

झारखंड में अकवान का असर घटा, अब कोहरे का अलर्ट! रांची समेत 13 जिलों में छाएगी धुंध, 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

रांची: झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का प्रभाव कमजोर पड़ने लगा है, लेकिन मौसम की चुनौतियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। सोमवार सुबह राजधानी रांची समेत राज्य के 13 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, सुबह के बाद आसमान साफ रहने और मौसम सामान्य होने का अनुमान है। इस बीच अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।

रांची समेत 13 जिलों में कोहरे की चेतावनी

मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। सुबह के समय कम दृश्यता के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो सकता है। खासकर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि कोहरे का प्रभाव सुबह तक ही रहेगा। इसके बाद आसमान साफ होने और मौसम में सुधार होने की संभावना है।

तीन दिनों में 5 डिग्री तक गिरेगा तापमान

झारखंड में अब ठंड बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। राजधानी रांची में मंगलवार से रात के तापमान में कमी आने का अनुमान है।

मंगलवार को रांची का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 25 नवंबर को न्यूनतम तापमान 12 और अधिकतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इससे पहले रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश भी दर्ज की गई थी। रांची में 4.1 मिलीमीटर और लातेहार में 2 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश और बादलों के कारण कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहा।

खराब मौसम से रांची एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित

रविवार को खराब मौसम का असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान रद्द रही, जबकि दिल्ली, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद से आने वाली नौ उड़ानें देरी से पहुंचीं। इसके चलते यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।

इंडिगो की दिल्ली-रांची उड़ान सुबह 7:15 बजे के बजाय 10:18 बजे पहुंची। पुणे-रांची विमान सुबह 7:30 बजे की जगह 10:03 बजे आया। वहीं, इंडिगो की एक कोलकाता-रांची उड़ान 8:15 बजे के निर्धारित समय के बजाय 9:08 बजे पहुंची। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची उड़ान भी 9:30 बजे की जगह 9:50 बजे एयरपोर्ट पहुंची।

इसके अलावा कोलकाता से आने वाली इंडिगो की दूसरी उड़ान सुबह 11:45 बजे के बजाय दोपहर 1:18 बजे पहुंची। दिल्ली-रांची विमान दोपहर एक बजे की जगह 1:27 बजे और मुंबई-रांची उड़ान 1:30 बजे के बजाय 1:52 बजे पहुंची।

दूसरे राज्यों में खराब मौसम का भी पड़ा असर

रांची आने वाली अन्य उड़ानों के परिचालन पर भी मौसम का असर देखने को मिला। दिल्ली-रांची की एक अन्य उड़ान शाम 4:50 बजे के निर्धारित समय के बजाय 5:14 बजे पहुंची। वहीं, हैदराबाद-रांची विमान रात 8:25 बजे की जगह 8:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचा।

एयरलाइंस के एक अधिकारी के मुताबिक, दूसरे राज्यों में खराब मौसम के कारण विमान सेवाएं प्रभावित हुईं। इसका असर रांची पहुंचने वाली उड़ानों पर भी पड़ा। ऐसे में मौसम में बदलाव के बीच हवाई यात्रियों को भी उड़ानों के समय को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button