देहरादून: उत्तराखंड में कैंसर मरीजों के लिए इलाज की सुविधा को आसान बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने देहरादून समेत चार जिलों में डिस्ट्रिक्ट डे केयर कैंसर सेंटर शुरू कर दिए हैं। अब मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए बड़े शहरों और मेडिकल कॉलेजों तक बार-बार नहीं जाना पड़ेगा। पहले चरण में देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी गढ़वाल के अस्पतालों में यह सुविधा शुरू की गई है। जल्द ही इसे प्रदेश के सभी जिलों तक विस्तार देने की तैयारी है।
एम्स ऋषिकेश में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को ट्रेनिंग
राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शुरू किए गए इन केंद्रों पर सुरक्षित इलाज के लिए डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्यकर्मियों को एम्स ऋषिकेश के ऑन्कोलॉजी विभाग में एक महीने का प्रशिक्षण दिया गया है। अब ये प्रशिक्षित कर्मचारी एम्स के विशेषज्ञों की निगरानी में मरीजों को कीमोथेरेपी देंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी के प्राचार्यों को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि ऐसे कैंसर मरीजों को उनके गृह जनपद के डे केयर सेंटर में रेफर किया जाए, जिन्हें बीच के चरणों में कीमोथेरेपी या डे केयर सेवाओं की जरूरत है।
दूसरे चरण में रुद्रप्रयाग, नैनीताल, टिहरी और चमोली के डॉक्टरों व नर्सिंग अधिकारियों का प्रशिक्षण 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक चल रहा है। देहरादून के सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में डे केयर सेंटर को सुचारु कर दिया गया है। मरीजों के पहुंचने पर उन्हें इलाज और कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पहले चरण में इन चार जिलों में शुरू हुई सुविधा
- देहरादून: कोरोनेशन जिला अस्पताल में डॉ. मनीष शर्मा
- हरिद्वार: उप जिला अस्पताल, रुड़की में डॉ. शैलेश तिवारी
- ऊधमसिंह नगर: जिला अस्पताल, रुद्रपुर में डॉ. पूर्वी प्रजापति
- पौड़ी गढ़वाल: उप जिला अस्पताल में डॉ. प्रिंसी
दूसरे चरण में इन पहाड़ी जिलों की बारी
- रुद्रप्रयाग: जिला अस्पताल में डॉ. शिवम रावत
- नैनीताल: उप जिला अस्पताल में डॉ. निशिकांत
- टिहरी: जिला अस्पताल में डॉ. अक्षत थापा
- चमोली: जिला अस्पताल में डॉ. नैंसी
जटिल इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में ही जाना होगा
जिन मरीजों को अति-विशेषज्ञ उपचार या जटिल चिकित्सा प्रक्रियाओं की जरूरत होगी, उनका इलाज पहले की तरह बड़े चिकित्सा संस्थानों में ही जारी रहेगा। डे केयर सेंटर शुरू होने से एम्स ऋषिकेश, दून मेडिकल कॉलेज और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज पर मरीजों का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को समय और पैसे की बचत होगी।
तीन निजी नर्सिंग कॉलेजों को नोटिस, अस्पताल बनाने के लिए एक साल का अल्टीमेटम
देहरादून में अपने अस्पताल नहीं बनाने वाले निजी नर्सिंग कॉलेजों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मांडूवाला, डूंगा और हरिद्वार रोड स्थित तीन निजी नर्सिंग संस्थानों को नोटिस जारी कर एक साल के भीतर अस्पताल तैयार करने का अल्टीमेटम दिया है। तय समय में अस्पताल नहीं बनाने पर दून अस्पताल से उनकी संबद्धता स्वतः समाप्त मानी जाएगी।
प्राचार्य डॉ. गीता जैन के कार्यालय की ओर से जारी नोटिस चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और शासन स्तर पर हुई उच्चस्तरीय बैठक के फैसले के बाद भेजे गए हैं। निर्णय के मुताबिक, जो निजी नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थान छात्रों के प्रयोगात्मक और नैदानिक प्रशिक्षण के लिए सरकारी अस्पतालों के बेड का इस्तेमाल कर रहे हैं, उन्हें अधिकतम एक साल में अपना अस्पताल बनाना होगा। इस फैसले के बाद निजी नर्सिंग कॉलेज संचालकों में हलचल तेज हो गई है।




