
पटना: बिहार विधान परिषद में आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों के शपथ लेने के बावजूद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उनके निर्वाचन को चुनौती देने की तैयारी जारी रखी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने साफ कर दिया है कि पार्टी दोनों की सदस्यता रद्द कराने के लिए पटना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
चेयरमैन के पास फिर शिकायत करेगा RJD
सोमवार को विधान परिषद में शपथ ग्रहण समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। हालांकि, उन्होंने बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता पर अपनी पार्टी की आपत्ति दोहराई।
तेजस्वी ने कहा कि इस मामले में पार्टी के नेता वकीलों से बातचीत कर रहे हैं। जल्द ही सभापति के पास दोबारा शिकायत दर्ज कराई जाएगी। इसके बाद पटना हाईकोर्ट में भी याचिका दाखिल की जाएगी। तेजस्वी ने दावा किया कि कानून और संविधान के मुताबिक दोनों की सदस्यता रद्द होनी चाहिए।
आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली MLC पद की शपथ
बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से नवनिर्वाचित आठ सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को परिषद सभागार में आयोजित हुआ। कार्यकारी सभापति प्रो. डॉ. रामवचन राय ने सभी सदस्यों को पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज भी शामिल रहे।
समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, लेसी सिंह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सबसे पहले जदयू के नीरज कुमार ने शपथ ली। इसके बाद दरभंगा स्नातक सीट से निर्वाचित अनिल कुमार झा और अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
सदस्यता को लेकर जारी रहेगा विवाद
शपथ ग्रहण के बाद भी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता पर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। RJD ने साफ कर दिया है कि वह इस मामले को कानूनी लड़ाई के जरिए आगे बढ़ाएगा। अब सबकी नजरें पार्टी की अगली शिकायत और पटना हाईकोर्ट में होने वाली संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।



