
गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। विजय नगर थाना क्षेत्र में बागू के सामने सड़क पार कर रहे पति-पत्नी और उनके बेटे को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद एनएच-9 पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
शादी में शामिल होने मथुरा से आया था परिवार
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान हीरालाल, उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटे तेजवीर के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि परिवार 21 नवंबर को गाजियाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। सोमवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बागू के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे के बाद कार चालक फरार, एक्सप्रेसवे पर लगा जाम
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को सड़क से हटवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे के कारण एनएच-9 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को हटवाया और जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया।



