पंजाबराज्य

Punjab Politics: अकाली दल-BJP गठबंधन पर लग सकती है अंतिम मुहर, अमित शाह और सुखबीर बादल की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आज

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच मंगलवार को बड़ा ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल दोपहर 1 बजे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

माना जा रहा है कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर दोनों दल औपचारिक रूप से गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं।

दिल्ली पहुंचे पंजाब BJP के वरिष्ठ नेता

सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इनमें प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अश्विनी कुमार समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। सभी नेताओं के दिल्ली पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

इन घटनाक्रमों को दोनों दलों के बीच अंतिम दौर की रणनीतिक बैठकों से जोड़कर देखा जा रहा है।

2020 में टूटा था तीन दशक पुराना साथ

भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल का राजनीतिक गठबंधन वर्ष 2020 में कृषि सुधार कानूनों को लेकर समाप्त हो गया था। किसानों के आंदोलन के दौरान सितंबर 2020 में अकाली दल ने केंद्र सरकार से अलग होने का फैसला लिया था और दोनों दलों की वर्षों पुरानी साझेदारी टूट गई थी।

अब पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के एक बार फिर साथ आने की संभावनाओं ने राज्य की सियासत को नई दिशा दे दी है।

प्रकाश पर्व पर हो सकता है बड़ा राजनीतिक संदेश

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गठबंधन की घोषणा कर दोनों दल चुनावी अभियान को नई शुरुआत देना चाहते हैं। हालांकि, आधिकारिक घोषणा संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button