राज्यराष्ट्रीय

BJP-SAD गठबंधन पर PM मोदी की पहली प्रतिक्रिया, अटल-आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल को किया याद; बोले- पंजाब का कल्याण हमारी प्राथमिकता

नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया है। मंगलवार को दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए साथ आने की घोषणा की। इस गठबंधन के साथ ही शिरोमणि अकाली दल की करीब छह साल बाद NDA में वापसी हुई है।

गठबंधन के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने शिरोमणि अकाली दल के NDA में लौटने पर खुशी जताते हुए कहा कि गठबंधन का उद्देश्य पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अकाली दल और बीजेपी के पुराने रिश्तों को याद किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का भी जिक्र किया।

पीएम मोदी ने गठबंधन को बताया स्वाभाविक साझेदारी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में कहा कि शिरोमणि अकाली दल का NDA परिवार में वापस आना खुशी की बात है और यह भी विशेष अवसर है कि यह घोषणा श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन मौके पर हुई है।

उन्होंने कहा कि BJP और SAD का गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो पंजाब को जनहितैषी शासन देने और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में काम करेगा।

अटल-आडवाणी और बादल के योगदान को किया याद

पीएम मोदी ने कहा कि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जैसे नेताओं के प्रयासों से मजबूत हुआ था। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि BJP-SAD गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगा और राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करेगा।

छह साल बाद NDA में लौटा SAD

गौरतलब है कि कृषि सुधार कानूनों को लेकर हुए किसान आंदोलन के दौरान सितंबर 2020 में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन टूट गया था। अब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों ने फिर से साथ आने का फैसला किया है।

इस गठबंधन को पंजाब की सियासत में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले चुनाव में दोनों दल मिलकर सत्ता की दौड़ में उतरेंगे।

Related Articles

Back to top button