पी. चिदंबरम को गिरफ्तार करने वाले अधिकारी को राष्ट्रपति पुलिस पदक से किया गया सम्मानित
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2020/01/cbi_officer_who_scaled_six_foot_wall_to_arrest_chidambaram_awarded_president_s_police_medal_1580000363.jpg)
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के घर की दीवारों को फांद कर उन्हें गिरफ्तार करने वाले अधिकारी सहित 28 सीबीआई अधिकारियों को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल आईएनएक्स मीडिया मामले में चिदंबरम को गिरफ्तार करने वाले डिप्टी एसपी रामास्वामी पार्थसारथी को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। पार्थसारथी ने ही चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को भी गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई के संयुक्त निदेशक धीरेंद्र शंकर शुक्ला को भी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक दिया गया है।
उन्होंने मुंबई के पत्रकार जे डे की हत्या की सफलतापूर्वक जांच की और संयुक्त अरब अमीरात से भारतीय नागरिक रोशन अंसारी को भारत लाने वाली टीम का नेतृत्व किया। उन्होंने गुरमीत राम रहीम के अनुयायियों से जुड़े मामले की भी जांच की थी।
विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में बिनय कुमार, मनोज वर्मा, निर्भय कुमार, रवि नारायण त्रिपाठी, मुकेश वर्मा, नितेश कुमार, बरुण कुमार सरकार, नारायण चंद्र साहू, नंद किशोर, नूर अली शेख और रोहिताश कुमार धिनवा शामिल हैं।
गणतंत्र दिवस पर जवानों को सलाम
वहीं राष्ट्रपति ने सेना को 409 वीरता पुरस्कारों से सम्मानित करने पर मुहर लगाई है। इनमें आतंकियों को धूल चटाने वाले सेना के छह जांबाजों समेत 9 लोगों को शौर्य चक्र दिया गया है।वहीं, थल सेना, नौसेना व वायुसेना के 28 सूरमाओं को परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 को उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 को अति विशिष्ट सेवा मेडल, 10 को युद्ध सेवा मेडल दिया गया है। उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी, सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह और एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद दत्ता समेत 28 अफसरों को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है।
नायब सूबेदार सोमबीर को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को मार गिराया था। इसके अलावा लेफ्टिनेंट कर्नल ज्योति लामा, मेजर केबी सिंह, नायब सूबेदार नरेंद्र सिंह, नायक नरेश कुमार और सिपाही करमदेव ओरांव को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।
बाकी तीन शौर्य चक्र गृह मंत्रालय के तीन लोगों को मरणोपरांत दिया गया है। वहीं, सुरक्षा बलों को दिए गए वीरता पुरस्कारों के तहत 4 राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक और 286 वीरता पुरस्कार दिए गए। जम्मू-कश्मीर पुलिस एसएसपी अब्दुल जब्बार, डीएसपी गुलाम हसन शेख और कांस्टेबल आसिफ इकबाल कुरैशी को वीरता के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक दिए जाने का एलान किया गया।
कांस्टेबल उत्पल राभा को भी मरणोपरांत राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया गया है। इसके अलावा 93 को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक और 657 को मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 108 वीरता पदक
जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 108 वीरता पदक दिया गया है। इनमें वीरता के लिए 105 पुलिस पदक और तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक शामिल हैं। वहीं, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को 76 वीरता पदक दिए गए हैं, जिसमें 75 पुलिस पदक जबकि एक राष्ट्रपति पुलिस पदक (मरणोपरांत) मिला है।
वहीं, झारखंड पुलिस को 33 पुलिस पदक दिए गए हैं। गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की पुलिस को यह सम्मान घाटी में आतंक रोधी अभियानाें में शामिल होने के लिए दिया गया है।