टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

महिला भक्त से पाखंडी गुरु ने किया सामूहिक दुष्कर्म, कहा-‘तू मेरी गुलाम है, अब तेरी बेटी करेगी गुलामी’


नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हौजखास में रहने वाले ‘आशु गुरुदेव’ पर एक महिला ने गैंग रेप और उसकी बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। यही नहीं, आशु गुरुदेव के बेटे और उसके दोस्त पर भी अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप लगाया है। उत्तर प्रदेश की रहने वाली पीड़िता की शिकायत पर हौजखास पुलिस ने आईपीसी की धारा 376डी/354/506 व पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले में अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि वह आशु गुरु को वर्ष 2008 से जानती है। 2002 में महिला की बेटी का जन्म हुआ। जन्म के बाद से ही वह बच्ची के पैर में दर्द रहता था। उसी का इलाज कराने के लिए वह 2006 में आशु गुरुदेव के पास गई थी। वह रोहिणी स्थित अपने आश्रम में महिला और उसकी बच्ची को बुलाते थे। महिला ने शिकायत में यह भी बताया कि गुरुदेव के बाद वर्ष 2016 में उनका बेटा समर और दोस्त सौरभ जो कि बिल्डर का काम करता है, ने अप्राकृतिक यौनाचार किया। इस बात की शिकायत पीड़िता ने गुरुदेव को की। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बोला। उसके बाद बाप-बेटे उसका लगातार यौन शोषण करते रहे। महिला ने पुलिस वालों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पहले तो पुलिस वाले मामला तक दर्ज नहीं कर रहे थे। पुलिस वाले गुरुदेव से पैसे लेकर मामला रफा दफा करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बाद में मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में उसने महिला आईओ को मदद के लिए कई बार कॉल की। लेकिन उसने फोन तक नहीं उठाया।

महिला ने बताया कि जब उनकी बेटी छह साल की थी, तब से उपचार के नाम पर आश्रम में बुलाते और बच्ची के सारे कपड़े उतारकर मालिश करते थे। उस वक्त तो बच्ची छोटी थी, इसलिए शक भी नहीं होता था। यह सिलसिला 2008 से लेकर 2013 तक चला। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि वर्ष 2013 को वह आशु गुरु के रोहिणी स्थित आश्रम में दिवाली देने आई थी। यहां आशु के मैनेजर रवि ने उसे पीने के लिये शीतल पेय दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो उसने कहा कि गुरु जी आपने यह क्या गलत काम किया है। वह सब को बताएगी। इस पर गुरुदेव ने धमकी दी कि अगर वह किसी को बताएगी तो वह उसके पति और बच्ची को जान से मार देगा। डर के कारण पीड़िता ने किसी से शिकायत नहीं की। उसके बाद यह सिलसिला चलता रहा। जब भी मौका मिलता गुरुदेव उसके साथ बलात्कार करते रहे। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2017 में गुरुदेव के बेटे ने कहा कि तू अब अपनी बेटी को लेकर हमारे पास आ। इस बात की शिकायत महिला ने गुरुदेव से की, तो उन्होंने उल्टा धमकी देते हुए कहा कि तू मेरी गुलाम है और अब तेरी बेटी मेरी गुलामी करेगी। वर्ष 2017 में जब महिला गुरुदेव के आश्रम में गई तो वहां पर गुरुदेव और उसके साथी ने महिला के साथ मारपीट और बेटी को लेकर आने को कहा। हौजखास वाले आश्रम में बेटी को जब लेकर शिकायत करने पहुंची तो गुरुदेव ने उसकी बेटी के साथ भी छेड़छाड़ की।

Related Articles

Back to top button