मीका के बचाव में राखी सावंत, कहा- पहली बार मैंने उनको रोते देखा
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/07/rakhi-sawant-aib-1424839927.jpg)
मुंबई।
एक वक्त था जब राखी सावंत और गायक मीका सिंह काफी सुर्खियों में थे। बताया जाता था कि मीका जब इंडस्ट्री में आए तो राखी उनकी गर्लफ्रेंड थीं। बता दें उसके बाद राखी ने ही मीका पर जबर्दस्ती किस करने का आरोप लगाया, जिसके बाद दोनों की मंजिल अलग हो गई।
हाल ही में मीका फिर विवाद में फंसे हैं। इस बार उन पर मॉडल से छेडखानी का आरोप लगा है, लेकिन इस मामले में राखी सावंत ने पहले ही मीका को क्लीनचिट दे दी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मीका से आरोपों पर पूछताछ की भी नहीं है।
राखी सावंत ने इस मामले में मीका का बचाव करते हुए कहा है, ‘वो मेरे अच्छे दोस्त हैं। मैंने पहली बार उनकी आँखों में आंसू देखे। पहली बार मैंने रोते हुए उनकी आवाज सुनी। आप चाहें मुझे मीका की वकील कहें, दोस्त कहें या कुछ और कहें। मुझे कोई प्रॉब्लम नहीं हैं। इस बार मीका इनोसेंट हैं। उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है कि उन्हें जेल जाना पड़े या पुलिस स्टेशन जांच के लिए जाना पड़े।’
क्या है मामला- मुंबई की डिजाइनर ने मीका सिंह पर बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। डिजाइनर ने बताया कि मीका सिंह ने अपने घर पर उसके साथ बदतमीजी की। इनके मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे की है जब वो मीका सिंह के मुंबई के जूहू स्थित घर में थी।
पुलिस के अनुसार रात में दोनों के बीच पैसे को लेकर बहस हुई। इस बहस के दौरान मीका सिंह ने उसे धक्का दिया और उसके बाल खींचे। दूसरी ओर मीका ने आरोप लगाया है कि डिजाइनर उनसे 5 करोड़ रुपए की मांग कर रही थी।
मुंबई पुलिस ने मीका सिंह पर केस दर्ज कर लिया है और उन पर लगे आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस ने मीका की बिल्डिंग का सीसीटीवी फुटेज भी मंगाया है।
मीका सिंह पर पहले भी ये आरोप-
-पिछले साल दिल्ली में हुए एक कंसर्ट में मीका सिंह ने एक डॉक्टर को स्टेज पर बुला कर थप्पड़ जड़ दिया था।
-कॉमेडी नाइट्स विद कपिल के एक एपिसोड में मीका सिंह ने दावा किया कि फिल्म अभिनेत्री बिपाशा बासु ने उन्हें किस किया। उन्होंने गाल पर लिपस्टिक के निशान की तस्वीर ट्वीट भी कर दी।
-2011 में मीका सिंह का नाम हिट एंड रन केस में आया था। तब उनकी हमर ने एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी थी।
-2006 में राखी सावंत ने मीका पर जबर्द्स्ती किस करने का मामला दर्ज कराया था।