यूपी चुनाव 2017: राजनाथ ने कहा, यूपी की जनता ने भाजपा को सशक्त विकल्प माना
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/02/10_02_2017-rajnath.jpg)
देश के गृहमंत्री तथा लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी ही सशक्त विकल्प है। प्रदेश में सपा और बसपा दोनों प्रेशर में आ चुकीं हैं।
लखनऊ । देश के गृहमंत्री तथा लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह को भरोसा है कि उत्तर प्रदेश के चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उनकी राय में यह सिर्फ उनका मत नहीं है, यह तो उत्तर प्रदेश की जनता की राय है। भारतीय जनता पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी है जिसने देश की राजनीति को एक दार्शनिक अवधारणा दी है।
राजनाथ सिंह ने आज लखनऊ में मीडिया को संबोधित किया। लखनऊ में भाजपा कार्यालय में राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को एक सशक्त विकल्प मान लिया है। उत्तर प्रदेश की जनता बीजेपी की सरकार को अच्छा मानती है। हम सबका साथ और सबका विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में काफी दिन से सुशासन नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है। उत्तर प्रदेश में जनता खराब कानून व्यवस्था पूरी तरह से त्रस्त है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी हारी हुई लड़ाई लड़ रही हैं। समाजवादी पार्टी व कांग्रेस का गठबंधन एक अवसरवादी गठबंधन है। यह दोनों अपने को प्रदेश में बरकरार रखने के लिए अब गठबंधन पर मजबूर हैं।
राजनाथ सिंह कहा कि हमने अपने उत्तर प्रदेश के घोषणा पत्र में निर्णय लिया है कि लघु और सीमांत किसानों के फसली ऋण को माफ किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश की जनता को एक मजबूत सरकार दी जाएगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं यूपी की जनता से अपील करता हूं कि अधिक से अधिक वोट करें और आप अपने साथियों को भी वोट करने के लिए प्रेरित करें हम आने वाले चुनाव के बारे में नही सोच रहे हैं, हम आने वाले पीढिय़ों के बारे में सोच रहे हैं।
राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी का फैसला राष्टहित में लिया है। हमने नोटबंदी का फैसला राजनीतिक लाभ के लिए नही लिया है। हम जानते हैं कि व्यापारी ईमानदारी के साथ व्यापार करना चाहता है।
राजनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी ही सशक्त विकल्प है। प्रदेश में सपा और बसपा दोनों प्रेशर में आ चुकीं हैं। सभी दल मिलकर बीजेपी के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। बसपा यूपी में इस कदर हार गई है कि अब जातिगत वोट माँग रही है।
रेनकोट मामले को अनावश्यक तूल न दें
होम मिनिस्टर राजनाथ सिंह ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से कहा रेनकोट मामले को अनावश्यक तूल न दें। पीएम ने तो मनमोहन सिंह के प्रति सम्मान प्रकट किया था। दाऊद इब्राहिम को भारत लाने की हो रही कोशिश।