रामनवमी आज, जयकारों के बीच कटेगा 1,100 किलो का केक

एजेन्सी/ चैत्र शुक्ल नवमी यानी रामनवमी पर शुक्रवार को गुलाबी नगर में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का उल्लास छाएगा। चांदपोल स्थित प्राचीन रामचंद्र मंदिर, खोले के हनुमान मंदिर स्थित सियाराम मंदिर, ब्रह्मपुरी स्थित राममंदिर सहित शहर के विभिन्न राममंदिरों में अभिषेक, आरती व भजन संध्याओं का आयोजन होगा। इससे पहले गुरुवार को राम मंदिर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठे।
होगी महाआरती
प्राचीन रामचंद्र मंदिर में 101 हवाइयों की गर्जना के साथ शाम 7 बजे महाआरती होगी। इसमें हजारों महिलाएं व पुरुष एक साथ ठाकुरजी की आरती करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी आरती करेंगी। इस मौके पर रामलला के जन्मदिन का 1,100 किलो का केक काटा जाएगा। इस्कॉन परिवार की ओर से शाम को बधाई उत्सव होगा।
रात्रि 11 बजे शोभायात्रा के आगमन पर रामकृष्ण जन्म समिति की ओर से बधाई उत्सव होगा। महंत राधेश्याम तिवाड़ी ने बताया कि ठाकुरजी के शृंगार के दौरान दो घंटे के लिए मन्दिर पट मंगल रहेंगे। इससे पहले गुरुवार को मंदिर में सरस निकुंज परिवार (पानो का दरीबा) की ओर से अलबेली माधुरीशरण महाराज के सान्निध्य में भजनों की रसधार बही।
शोभायात्रा आज
सूरजपोल, अनाजमंडी से शाम चार बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। रामकृष्ण जयंती महोत्सव समिति ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अलबेली माधुरीशरण ने बताया कि यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रात करीब 11 बजे चांदपोल बाजार स्थित श्रीरामचंद्र मंदिर पहुंचेगी। सरस निकुंज दरीबा पान में सुबह 11 बजे से प्रभु राघवेन्द्र सरकार का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
माउंट रोड, ब्रह्मपुरी स्थित ब्रह्म राम मंदिर में श्रीरामाश्रम ब्रह्मराम मंदिर की ओर से रामयज्ञ सप्तदशम का गणेश पूजन होगा। अखिल भारतीय संप्रदायाचार्य पीठ, गालवाश्रम की ओर से सुबह 7.30 बजे से गलताजी से शोभायात्रा निकलेगी। साथ ही बधाई गान तथा महाआरती भी होगी। उधर, गंगापोल दरवाजे के बाहर स्थित मंदिर श्रीमुरली मनोहरजी में पंचामृत अभिषेक, तुलसी पुष्प अर्चना व महाआरती होगी।
मुख्य आयोजन प्राचीन रामचंद्र मंदिर में
चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन रामचंद्र मंदिर में प्रात: 11 बजे 1100 किलो दुध व सुगंधित द्रव्यों से होगा ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा। अलौकिक रत्नों व आभूषणों से शृंगार के बाद जन्म के बधाईगान के पदों की रसधार बहेगी। दोपहर 2 बजे बैंडवादन व नंगाडों के साथ श्री रामलला की जन्म आरती होगी।