लिव इन रिलेशनशिप कानून में बदलाव की जरूरत
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/08/suman-dahiya-1.jpg)
भिवानी : राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुमन दहिया ने रेप के मामलों को लेकर बुधवार को विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि लड़कियां कानून का मिस यूज कर रही हैं। बड़े शहरों में नौकरी करने के दौरान लड़कों के साथ साल-दो साल लिव इन रिलेशनशिप में रहती हैं और विवाद होने पर रेप के आरोप लगा दिए जाते हैं। ऐसे में लिव इन रिलेशनशिप कानून में बदलाव की जरूरत है। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से रूबरू होते हुए दहिया ने निरन्तर बढ़ रहे रेप के मामलों पर कहा कि बचपन से ही युवाओं की मानसिक सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। सकारात्मक सोच वाला व्यक्ति इस तरह के कार्यों को अंजाम नहीं देता और वह जीवनभर महिलाओं का मान-सम्मान करता है।
उपाध्यक्ष सुमन दहिया ने कहा कि लीव एंड रिलेशनशिप के मामलों में कानून में बदलाव करने की आवश्यकता है। आयोग दोबारा से महिलाओं के घर द्वार पर ही उनकी समस्याओं की सुनवाई करने के लिए तत्पर है। भिवानी के 10 विवाद महिला थाने की जांच करने के बाद सुनवाई के लिए रखे गए है। इनके अलावा कोई भी महिला सीधे रूप से उनके समक्ष पेश होकर शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। ऐसे मामलों की भी सुनवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों संबंधी मामलों में दोनों पक्षों को शामिल करके सुनवाई की जाएगी। इसके बाद उन समस्याओं का निवारण सुनिश्चित किया जाएगा। दहिया ने कहा कि महिलाओं की शिकायतें केवल फाइल बनकर न रह जाए उनकी सुनवाई समय पर सुनिश्चित करने के लिए आयोग प्रतिदिन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।