व्यापार

शेयर बाजार में छह साल की सबसे बड़ी गिरावट

sensex downमुंबई। बंबई शेयर बाजार में मंगलवार को छह साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यूनान में राजनीतिक उठापटक तथा कच्चे तेल के दाम 50 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आने से दुनिया भर के पूंजी बाजारों में उथल-पुथल के बीच मुंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 855 अंक लुढ़क गया। बिकवाली के दबाव में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी 251 अंक या 3 प्रतिशत का गोता लगाया। स्थानीय बाजारों में तेल एवं गैस, रीयल्टी धातु तथा पूंजीगत वस्तुएं सर्वाधिक प्रभावित हुए। बिजली, उपभोक्ता टिकाउ, बैंक शेयरों में भी तेज बिकवाली हुई। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के साथ तीस शेयरों वाला सेंसेक्स गिरावट के साथ खुला और पूरे दिन दबाव में रहा। यह 854.86 अंक या 3.07 प्रतिशत लुढ़ककर 27,000 अंक के नीचे 26,987.46 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी कारोबार के दौरान एक समय 8,111.35 अंक तक चला गया था लेकिन बाद में 251.05 अंक या 3.0 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,127.35 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में ओएनजीसी को सर्वाधिक नुकसान हुआ। इसमें करीब 6 प्रतिशत की गिरावट आयी। इसके अलावा सेसा स्टरलाइट, टाटा स्टील, एचडीएफसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भेल, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक तथा एसबीआई में 4 से 5 प्रतिशत की गिरावट आई। कुल 30 शेयरों में से 29 में गिरावट दर्ज की गई। एकमात्र एचयूएल का शेयर लाभ में रहा। बीएसई में 2,200 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई जबकि 650 लाभ में बंद हुए। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल का भाव 49.95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। मई 2009 के बाद यह स्तर नहीं देखा गया। ब्रेंट भी 3.31 प्रतिशत गिरकर 53.30 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एजेंसी

Related Articles

Back to top button