मनोरंजन
3 साल पहले ही अनिल कपूर ने दी थी ये सलाह, दीपिका ने मानी बात और…

अनिल कपूर भले ही अपने काम की व्यस्तताओं के कारण रणवीर सिंह-दीपिका की शादी के रिसेप्शन में नहीं पहुंच पाए, परंतु अब उन्होंने एक रोचक बात का खुलासा किया है। उन्होंने एक टॉक शो में रणवीर और दीपिका का जिक्र किया और बताया कि शादी से पहले ही उन्होंने दीपिका को सलाह दी थी।

अनिल कपूर ने बताया कि उन दिनों वह रणवीर के साथ फिल्म दिल धड़कने दो (2015) की शूटिंग कर रहे थे। दीपिका रणवीर से मिलने के लिए सेट पर आती थीं। अनिल ने बताया कि ‘शूटिंग के सिलसिले में जब हम समुद्र में जहाज पर जा रहे थे तब दीपिका भी वहां मौजूद थीं। उसी समय मैंने उन्हें सलाह दी कि छोड़ना मत इसको। ये लड़का सुपर्ब है। परफेक्ट चॉइस! इससे बढ़िया लड़का तुमको नहीं मिलेगा।’
तय है कि दीपिका ने अनिल कपूर की सलाह को पूरी गंभीरता से लिया और अमल भी किया। चैट शो में अनिल ने अपने भतीजे और रणवीर सिंह के पक्के दोस्त अर्जुन कपूर और उनकी गर्लफ्रेंड मलाइका अरोड़ा के रिश्ते को लेकर भी बात की। अनिल ने इशारों-इशारों में बता दिया कि उन्होंने और परिवार ने दोनों को रजामंदी दे दी है। अनिल कपूर ने कहा- ‘मैं अर्जुन को बहुत अच्छे से जानता हूं और जिस बात में उसे खुशी मिलेगी, उससे मुझे भी खुशी होगी।’
बीते 14-15 नवबंर को दीपिका पादुकोण ने ब्वॉयफ्रेंड रणवीर सिंह से इटली के लेक कोमो में शादी की। दीपवीर ने अपने खास मेहमानों के बीच प्राइवेट शादी की और इसके बाद मुंबई-बंगलूरू में तीन ग्रैंड रिसेप्शन भी दिए। मुंबई रिसेप्शन में पूरा बॉलीवुड दोनों को आशीर्वाद देने पहुंचा था।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर इन दिनों कई फिल्मों में बिजी हैं। बेटी सोनम कपूर के साथ वो पहली बार फिल्म एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा में नजर आएंगे। ये फिल्म अगले साल रिलीज होगी। इसके अलावा उनके पास टोटल धमाल, तख्त और अभिनव बिंद्रा की बायोपिक है।