राज्यराष्ट्रीय

20 राज्यों में आफत बनकर आई बारिश ,तेलंगाना में 3 दिन स्‍कूल बंद, अब तक 148 की मौत

नई दिल्ली : देश के अधिकांश राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है। भारी बारिश की वजह से तबाही मची हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण 20 से ज्यादा राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए है। पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। लगातार बारिश के कारण कई नदियों के जल स्तर में वृद्धि हुई है। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में बारिश और बिजली गिरने की अलग अलग घटनाओं में 148 लोगों की मौत हो चुकी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वोत्तर राज्य असम, मेघालय के बाद अब मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

तेलंगाना में भारी वर्षा की चेतावनी के बीच तीन दिन तक शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी तंत्र को किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। कर्नाटक के तटीय जिलों में रविवार को भी भारी वर्षा जारी रही। इससे दक्षिण कन्नड़ के निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है। कई स्थानों पर बाढ़ के कारण यातायात बाधित हो गया है।

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन लोगों की मौत का सिलसिला नहीं थम रहा। राज्य में दो लोगों की और मौत हो गई। इस तरह से बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 192 हो गई है। 12 जिलों में 5,39,334 लोग बाढ़ से अभी भी प्रभावित हैं। कुल 390 गांव पानी में डूबे हुए हैं। कछार सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 3,55,960 लोग प्रभावित हैं।

गुजरात में बीते दिनों से लगातार हो रही बारिश होने की वजह से बाढ़ के हालात बन गए है। भारी बारिश के कारण 6 जिलों में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। दक्षिण और मध्य गुजरात के जिलों में भारी बारिश के कारण कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। 9,000 से अधिक लोगों को स्थानांतरित कर दिया गया और 468 को बचाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की और हालात की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की ओर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

महाराष्ट्र में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। रत्नगिरि समेत 4 जिलों में ऑरेंज और 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। महाराष्ट्र के रत्नगिरि समेत 4 जिलों में ऑरेंज और 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। पुणे जिले में प्रसिद्ध भीमाशंकर मंदिर मार्ग पर भारी बारिश के बाद सोमवार को तड़के भूस्खलन हो गया। बीते तीन दिन में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में तीन लोग नाले में बह गए। कड़ी मशक्कत के बाद उनके शव को निकाला गया। हालांकि नाले में बह जाने के कारण तीन और लोग अब भी लापता हैं।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 52 में से 33 जिलों में भारी भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 24 घंटे में सात लोगों की मौत हो गई। एक जून से अब तक राज्य भर में ऐसी घटनाओं से मरने वालों की संख्या 60 हो गई।

Related Articles

Back to top button