राष्ट्रीय

स्मृति ईरानी ने डाकघर में महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र खाता खोला, अश्विनी वैष्णव ने कही बड़ी बात

नई दिल्ली: महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी नई दिल्ली में संसद मार्ग के मुख्य डाकघर में महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र खाता खोला। केंद्रीय मंत्री ने खाता खुलवाने के लिए डाकघर में आम नागरिक की तरह ही औपचारिकताओं को पूरा किया। खाता खुलते ही उन्हें कंप्यूटर जनित पासबुक जारी की गई। इस मौके पर मंत्री ने सुकन्या समृद्धि योजना के कुछ लाभार्थियों से भी बात की।

उन्होंने मीडिया कर्मियों से कहा कि महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तीकरण के दृष्टिकोण से एक अनूठी पहल है। उन्होंने महिलाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बारे के बजट में इस योजना की घोषणा की थी।

इस योजना में दो साल में दो लाख रुपये अधिकतम जमा के साथ आंशिक निकासी की भी सुविधा है। जिसमें 7.5 फीसदी त्रैमासिक चक्रवृद्धि ब्याज मिलेगा। यह योजना 31 मार्च 2025 तक के लिए वैध है। यह देश भर के 1.59 लाख डाकघरों में उपलब्ध है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को एक ट्वीट कर बताया कि भारत में 5,000 किमी से ज्यादा लंबे नए रेलवे ट्रैक बनाए जा रहे हैं। एपल के सीईओ टिम कुक को भारतीय रेलवे के तेजी से व्यापक विस्तार की जानकारी देते हुए वैष्णव ने बताया कि यह काम असल में कितना बड़ा है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जितने लंबे नए रेलवे ट्रैक भारत में नए बिछाए जा रहे हैं, स्विट्जरलैंड का पूरा रेलवे नेटवर्क उतना बड़ा है। कुक इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहते हैं कि यह वाकई हैरान करने वाला है।

टोक्यो जा रहे जापान एयरलाइंस के विमान को करीब पांच घंटे की उड़ान के बाद तकनीकी खराबी के चलते मंगलवार रात दिल्ली लौटना पड़ा। उड़ान टोक्यो के हानेदा हवाईअड्डे के लिए मंगलवार शाम 7:20 बजे रवाना हुई थी। तकनीकी गड़बड़ी के कारण विमान आधी रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली लौट आया। सभी यात्रियों को यहां होटल में ठहराया गया और उनके लिए दिल्ली से टोक्यो के लिए नई उड़ान की व्यवस्था की गई।

केरल राज्य शैक्षिक शोध व प्रशिक्षण परिषद (SCERT) की पाठ्यक्रम संचालन समिति की बैठक में मंगलवार को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के छोड़े गए हिस्सों को राज्य के स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने का फैसला किया गया। एक बयान के मुताबिक, समिति ने बैठक में एनसीईआरटी के छोड़े गए पाठ्यक्रम को शामिल करने को लेकर चर्चा की।

Related Articles

Back to top button