उत्तर प्रदेशवाराणसी

आनंद नगर गजिया ओवरब्रिज जनता को समर्पित, आवागमन शुरू

ओवरब्रिज से न सिर्फ जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि आवागमन भी सुगम होगा

सुरेश गांधी

वाराणसी : लंबे अंतराल के बाद आनंद नगर गजिया-भदोही ओवरब्रिज जनता को समर्पित कर दिया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित भाजपा के क्षेत्रीय नेता मौजूद रहे। आम नागरिकों का कहना है कि इस ओवरब्रिज से न सिर्फ जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि आवागमन भी सुगम होगा। बता दें, 2014 में सपा कार्यकाल के दौरान इस ओवरब्रिज के निर्माण की मंजूरी मिली थी। लेकिन कमीशनखोरी के चलते न सिर्फ निर्माण रुक गया, बल्कि समय पर लोगों को मुआवजा तक नहीं मिल नहीं सका। पांच वर्षों के अंतराल के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं व कालीन निर्यातक संगठनों की मांग पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसे गंभीरता से लिया। सबसे पहले के इसके जद में आएं 66 भवन स्वामियों में 17 करोड़ से अधिक की मुआवजा राशि दी गयी।

प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो इस ओवरब्रिज पर तकरीबन 44.22 करोड़ की लागत आई है। मुआवजा मिलने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई और आज जिलाधिकारी आर्यका अखौरी व पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने ब्रिज पर पैदल चलकर आवागमन शुरू कराया और पुल को जनता को समर्पित कर दिया। हालांकि अभी ब्रिज के दोनों ओर जमीन पर सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके बाद सर्विसलेन, रेलवे फाटक के पास दोनों तरफ सीढ़ियों का निर्माण प्रगति पर है। ब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था करने के अलावा लिप्पन तिराहे तक सड़क निर्माण होगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी भानुप्रताप सिंह, एसडीएम अश्विनी कुमार पांडेय, तहसीलदार सत्यपाल प्रजापति, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग संजीव राव, सहायक अभियंता सेतु निगम विजय त्रिपाठी, जेई संजीव वर्मा, विनीत बरनवाल, ओमसिंह, शहाबुद्दीन खान आदि थे। सेतु निगम के प्रोजेक्ट प्रबंधक आरएस उपाध्याय ने बताया कि सर्विस लेन व नाली का निर्माण भी मानसून के पहले करा दिया जाएगा। ताकि आवागमन करने वालों के साथ ही दुकानदारों व स्थानीय नागरिकों को दिक्कतें न हों।

जनता को मिलेगी राहत
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के पूर्व सीनियर प्रशासनिक सदस्य उमेश कुमार गुप्ता मुन्ना व योगेन्द्र राय उर्फ काका ने बताया कि इस ओवरब्रिज के चालू होने से जाम की समस्या दूर होगी। अगर कोई परेशानी आती भी है तो प्रशासन इसे दूर करने के लिए संकल्पित है। इससे भदोही के आने जाने वालों की राह आसानी होगी, साथ ही शहर में जाम की समस्या से राहत मिल जाएगी। या यूं कहे शहर में जाम की समस्या कम हो जाएगी। आवागमन करने वाले राहगीरों को इस ब्रिज के खुलने का बेसब्री से इंतजार था। आज सुबह से ही राहगीर ब्रिज पर वाहनों से फर्राटा भर रहे हैं। कम समय में लोग अपने सफर को पूरा कर रहे हैं। इसके पहले निर्माणाधीन काल में लोगों को घूम कर लंबी दूरी तय करते हुए जाना होता था। इन मार्गों पर जाम के साथ ही 2 किलोमीटर लंबा चक्कर काटना पड़ता था। आज पुल चालू होने के बाद जाम की समस्या से अब नहीं जूझना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button