उत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश में बनेगी भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार : केशव प्रसाद मौर्य

हापुड़: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को पूर्ण बहुमत प्रदान करेगी। मतदाता प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को ध्यान में रख कर मतदान करेगा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को पश्चिमी जिलों के भाजपा के सभी मंडलों एवं प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के तत्काल बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए। इन प्रयासों के कारण ही प्रदेश से अपराधी या तो भाग गए अथवा जेलों में पहुंचा दिए गए। उन्होंने कहा कि माफिया को जेलों में बंद कर उनके द्वारा कब्जाई गई सरकारी भूमि को सरकार ने अपने कब्जे में लिया है। अब प्रदेश में माफिया का नहीं अपितु कानून का राज है।

उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी समाजवादी नहीं, अपितु नमाजवादी बन गई है। ये वहीं पार्टी है जिसकी सरकार ने मंदिरों से लाउडस्पीकर उतरवा दिए थे और कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कार्यों को देखते हुए उसे दोबारा पूर्ण बहुमत से सत्ता में बैठाने का मन बना चुकी है। कोरोना काल में जितना बेहतर प्रबन्धन उप्र सरकार का रहा है उतना देश के किसी राज्य में नहीं हो पाया। भाजपा सरकार ने सभी लोगों के लिए बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा और गरीबों के लिए निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया। अन्य राज्यों से आने वाले गरीब लोगों और मजदूरों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाया गया। इसी प्रकार कोरोनारोधी टीकाकरण में भी उप्र ने कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह यह ध्यान रखे कि उसके वार्ड में सभी मतदाता बूथ पर जाकर मतदान कर आए हैं अथवा नहीं। कार्यकर्ताओं और सभी मंडलों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को लोगों के बीच लगातार जाकर प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते रहना चाहिए, ताकि जनता को पता चले कि उसके हितों के लिए प्रदेश में कौन सा राजनीतिक दल कार्य कर रहा है।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधे मोहन, प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, प्रदेश सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, पश्चिमी उप्र के प्रभारी और सांसद संजय भाटिया, पश्चिमी उप्र अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Related Articles

Back to top button