अन्तर्राष्ट्रीय

इस देश में जिंदगी का हिस्सा हैं भूकंप, इमारतें भी नहीं गिरती

देहरादून (गौरव ममगाईं)। भूकंप ऐसी भयानक आपदा है, जिसका नाम सुनते ही हर कोई घबरा जाये, लेकिन दुनिया में एक देश ऐसा भी है, जहां के लोग भूकंप को जिंदगी का हिस्सा मानते हैं। उस देश का नाम है-जापान। जापान की भूगर्भीय संरचना ऐसी है, जिससे वहां साल में लगभग हजार बार छोटे-बड़े भूकंप आते रहते हैं। युवा पीढ़ी बचपन से ही भूकंप के झटके झेलने की आदि हो जाती है, जिससे भूकंप का अनुभव इनके लिए नया नहीं होता है। बस, डर इस बात का रहता है कि भूकंप किसी की जान न ले।

वहीं, जापान की खास बात ये है कि बार-बार भूकंप आने के बाद भी यहां इमारतें भी सुरक्षित रहती हैं और ज्यादा लोगों की जानें भी नहीं जाती हैं। जबकि, अन्य देशों में एक भूकंप में ही तबाही का मंजर देखने को मिलता है। क्या कारण है कि जापान में भूकंप का ज्यादा प्रभाव देखने को नहीं मिलता है ?

इसे समझने के लिए हमें 1923 में टोक्यो में आये भयंकर भूकंप को याद करना होगा। इस भूकंप में 1 लाख 40 हजार लोगों की जानें गई थी। इस भूकंप को ग्रेट कांतो भूकंप के नाम से जानते हैं। इस भूकंप में राजधानी टोक्यों में बनी आधुनिक इमारतें बुरी तरह ढह गई थी। इस भूकंप के बाद जापान ने सबक लेते हुए निर्माण संबंधी कई नये कानून बनाये। इनमें सबसे महत्वपूर्ण ‘भूकंपरोधी बिल्डिंग कोड’ है। इसके अलावा बिल्डिंग निर्माण में कंक्रीट व स्टील के प्रयोग पर भी जोर दिया गया।

 इसके बाद कई भूकंपों से हुए नुकसान को देखते हुए जापान सरकार ने 1981 में भी भूकंपरोधी बिल्डिंग कोड को पूरी तरह से लागू कर दिया। इसके बाद से हर इमारत को भूकंपरोधी मानकों के अनुसार बनाना अनिवार्य किया गया। जापान सरकार यहीं नहीं रूकी, इसके बाद हर भूकंप के अनुभवों के आधार पर आवश्यक नये मानकों को भी कानून में शामिल किया जाता रहा है। इस तरह जापान ने खुद को भूंकप से निपटने के लिए विशेष रूप से तैयार किया। यही वजह है कि पिछले दिनों 1 जनवरी 2024 को जापान में आये भूकंप में पुल व सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन अधिकांश इमारतें सुरक्षित हैं। जानकारों के अनुसार, जो इमारतें गिरी हैं, वे 1981 से पहले की बताई गई हैं। इससे दूसरा उदाहरण मार्च 2011 में आया भूकंप भी है, जब 2 मिनट तक जापान की भूमि हिलती रही। इसे सबसे बड़ा भूकंप माना जाता है। इतने बड़े भूकंप में भी ज्यादा जानें नहीं गई। जापान की इंजीनियरिंग की बड़ी सफलता भी माना जा सकता है।

 जापान में क्यों आते हैं भूकंप के झटके ?

 जापान में पेसिफिक प्लेट, फिलिपींस और अमेरिकी प्लेट के नीचे जा रही है। इस भूगर्भीय क्रिया के कारण प्लेटों में गतिशीलता या टकराव की स्थिति उत्पन्न होती रहती है, जिससे जापान में भूकंप के झटके महसूस किये जाते हैं। बता दें कि जापान तटीय देश है, जहां भूकंप के कारण समुद्र में लहरें उफान में आती हैं और सुनामी का रूप लेती हैं।

Related Articles

Back to top button