टॉप न्यूज़फीचर्डराजनीति

गुजरात: कांग्रेस के पांच पूर्व विधायकों ने थामा भाजपा का दामन

अहमदाबाद: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले आठ में से पांच विधायकों ने शनिवार को औपचारिक रूप से कमल थाम कर भगवा धारण कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस छोड़ने वाले पांच पूर्व विधायक शनिवार सुबह गुजरात भाजपा मुख्यालय कमलम् पहुंचे थे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघानी के साथ एक बंद दरवाजे में बैठक की थी।

बता दें कि गुजरात भाजपा ने कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले सभी आठ विधायकों को फोन कर 27 जून को 11 बजे तक कमलम् आने के लिए कहा था। आठ में से पांच ही नेता कमलम् पहुंचे। जो तीन गुजरात भाजपा के मुख्यालय नहीं पहुंचे, उनमें लीमडी से विधायक रहे सोमाभाई पटेल, गढडा से विधायक रहे प्रवीण मारु और डांग से विधायक रहे मंगल गामिल शामिल हैं।

गुजरात भाजपा के मुख्यालय कमलम् में अबदासा से विधायक रहे प्रद्युम्न सिंह जडेजा और चार अन्य पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हुए। इनमें मोरबी से विधायक रहे बृजेश मिरजा, कपराडा से विधायक रहे जीतू चौधरी, धारी के जेवी काकडिया और करजन से विधायक रहे अक्षय पटेल शामिल हैं।

इन नेताओं ने गुजरात भाजपा अध्यक्ष जीतू वाधानी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में नेताओं का स्वागत करते हुए वधानी ने कहा कि इनकी मौजूदगी से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने रिक्त विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी भाजपा की जीत का विश्वास व्यक्त किया।

गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पहले पांच और फिर तीन, यानी कुल आठ विधायकों ने विधानसभा और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। आठ विधायकों के इस्तीफे के कारण राज्यसभा की दो सीटें जीतने का सपना देख रही कांग्रेस महज एक ही सीट जीत सकी थी।

Related Articles

Back to top button