टॉप न्यूज़स्पोर्ट्स

IND vs NZ: विराट की निगाहें रहेंगी इस खास रिकॉर्ड पर

virat_kohli_20_09_2016मल्टीमीडिया डेस्क। टीम इंडिया अपने लंबे घरेलू सत्र की शुरुआत 22 सितंबर को कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगी तो कप्तान विराट कोहली की निगाहें एक खास रिकॉर्ड पर टिकी रहेंगी। विराट कप्तानी डेब्यू के बाद लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीतने वाले भारतीय बनना चाहेंगे। इस वक्त यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से अजित वाडेकर, सौरव गांगुली, महेंद्रसिंह धोनी और विराट कोहली के नाम पर दर्ज है, जिन्होंने कप्तानी डेब्यू करने के बाद लगातार 3-3 सीरीज जीती है। यहां हम बात उन सीरीज की कर रहे है जब खिलाड़ी ने कप्तानी डेब्यू में पूरी सीरीज में टीम की कमान संभाली हो।

अजित वाडेकर ने यह करिश्मा 1971 से 1973 के बीच कर दिखाया था। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीतने के बाद इंग्लैंड को अपने घर में भी हराया था। सौरव गांगुली यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने जब उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने बांग्लादेश, जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया को हराया।

महेंद्रसिंह धोनी की अगुआई में टीम इंडिया ने इंग्लैंड और श्रीलंका को अपने घर में हराया और न्यूजीलैंड को उसी के घर में शिकस्त दी। वैसे तो धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया ने इसके बाद चौथी सीरीज भी जीती थी जब उसने बांग्लादेश को हराया था, लेकिन धोनी उस दो टेस्ट की सीरीज में मात्र एक टेस्ट ही खेले थे।

कोहली अपने नेतृत्व में भारत को श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दिला चुके हैं। अब यदि उनके नेतृत्व में टीम इंडिया अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीत लेती है तो कप्तानी डेब्यू के बाद चार पूरी सीरीज में नेतृत्व संभालकर टीम को सीरीज दिलाने वाले वे पहले भारतीय कप्तान बन जाएंगे।

 

Related Articles

Back to top button