राज्य

मधुमक्खियों के काटने से एक की मौत, एक ही परिवार के चार लोग घायल

गिरिडीह: झारखण्ड के गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के सिंघो गांव में सोमवार को मधुमक्खियों के हमले में जंहा एक किशोर की मौत हो गई। वहीं मृतक किशोर के परिवार के 4 अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कौलेश्वर तुरी का पुत्र विशाल कुमार अपने भाई सूरज और बहन आरती के साथ बकरी चराने गया था। इस दौरान वह नीम पेड़ पर चढ़ गया और उसके भाई बहन पेड़ के नीचे खेलने लगे। इसी दौरान पेड़ पर स्थित मधुमक्खियों के छत्ते में पत्थर लग गई। जिसके बाद मधुमक्खियों की झुंड ने पेड़ पर चढ़े विशाल पर हमला बोल दिया।

मधुमक्खियों के हमले से परेशान विशाल पेड़ से उतरने के क्रम में नीचे गिर गया और मधुमक्खियां उससे चिपक कर उसे डंक मरती रही। वहीं इस दौरान पेड़ के नीचे खेल रहे उसके भाई बहन भी मधुमक्खियों ने अपनी चपेट में ले लिया। किसी तरह दोनों भाई बहन वहां से भागे। उनकी शोर सुन पिता कौलेश्वर तुरी और मां बेबिया देवी पेड़ के समीप पहुंची और काफी मशक्कत के बाद विशाल को घर ले गये।

इस दौरान मधुमक्खियों ने उन्हें भी काट कर घायल कर दिया। बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी पांचों को स्थानीय अस्पताल लाया गया। जंहा प्राथमिक उपचार के बाद विशाल की गम्भीर स्थिति को देखते हुये उसे बेहतर इलाज के लिये गिरिडीह रेफर कर दिया गया। लेकिन गिरिडीह लाने के दौरान रास्ते मे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button