राज्य

कोरोना से राहत जारी: लगातार चौथे दिन मिले 30 हजार से कम नए केस

देश में कोरोना संक्रमण से लगातार राहत मिल रही है। बुधवार को नए केसों का आंकड़ा लगातार चौथे दिन 30 हजार से कम दर्ज किया गया है। एक दिन में महज 27,176 नए केस पाए गए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केसों की संख्या में तेजी से कमी देखने को मिली है और यह आंकड़ा अब महज 3,51,087 पर आ गया है। रिकवरी रेट भी बढ़ते हुए 97.62% हो गया है। इसके अलावा अब तक मिले कुल केसों के मुकाबले एक्टिव केसों का प्रतिशत भी अब महज 1.05% रह गया है। बीते करीब एक सप्ताह से तेजी से नए केस घटे हैं। यही नहीं चिंता की वजह बने केरल में भी केसों में कमी आई है और इसका सीधा असर राष्ट्रीय स्तर पर आंकड़ों में दिख रही है।

बीते एक दिन में जहां नए केस 27 हजार से कुछ ज्यादा रहे हैं तो वहीं एक ही दिन में 38 हजार लोग रिकवर हुए हैं। इसके चलते पिछले 24 घंटों में ही एक्टिव केसों में 11 हजार तक की कमी देखने को मिली है। बीते एक सप्ताह में केसों में गिरावट का ही असर है कि वीकली पॉजिटिविटी रेट अब महज 2 पर्सेंट ही रह गया है। इसके अलावा डेली पॉजिटिविटी रेट तो 1.69 पर्सेंट ही है। यह आंकड़ा बीते 16 दिनों से 3 फीसदी से कम पर ही है। इसके अलावा वीकली पॉजिटिविटी रेट भी करीब तीन महीनों से 3 फीसदी से कम पर बना हुआ है।

बता दें कि वैक्सीनेशन के तेजी से चल रहे अभियान और नए केसों में गिरावट के चलते देश को कोरोना से बड़ी राहत मिली है। खासतौर पर त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले यह अच्छा संकेत है। इसके चलते कारोबारी गतिविधियां जारी रहेंगी और इससे इकॉनमी को भी बूस्ट मिलने की संभावना है। अब तक देश में 75.89 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। केंद्र सरकार ने इस साल के अंत तक देश की समूची वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि टीकाकरण के चलते कोरोना की आने वाली कोई भी लहर अब पहले की तरह घातक नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button