Youtube देखकर युवती ने बच्चे को जन्म दिया, बच्चा रोया तब दृष्टिहीन माता-पिता को पता चला, प्रेमी गिरफ्तार
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2021/10/2514444186a11bed427735748e771c187bb7bf5628fd28fd8aeafe38b43a689a.jpg)
नई दिल्ली। केरल के मलप्पुरम जिले में प्रेमी के कथित दुष्कर्म से गर्भवती हुई एक 17 वर्षीय लड़की ने अपने घर में यूट्यूब पर वीडियो देखकर बच्चे को जन्म दे दिया। यह मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद दुष्कर्म के कथित आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि मां और बच्चे को इस समय मंजेरी के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों की तबियत ठीक है।
पुलिस ने बताया कि पूरा मामला सामने आने के बाद दुष्कर्म के आरोपी 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी युवक के खिलाफ लैंगिक उत्पीड़न से बच्चों के संरक्षण का अधिनियम (पोक्सो) और भारतीय दंड संहिता की धारा-376 (दुष्कर्म) के तहत एफआईआर भी दर्ज की गई है।
यह पूरा मामला मलप्पुरम जिले के कोट्टाकल पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आया है। युवती ने 20 अक्टूबर को अपने घर में ही Youtube पर वीडियो देखकर बच्चे को जन्म दिया और उसका गर्भनाल काटा। शुरुआती जांच यह पता चला कि युवती ने प्रसव के दौरान किसी की मदद नहीं ली और खुद ने यह सब काम किया।
लड़की के माता-पिता को घटना की जानकारी 22 अक्टूबर को तब हुई जब उन्होंने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। लड़की 12वीं कक्षा में पढ़ती है और वह अपने दृष्टिबाधित माता-पिता से गर्भ छिपाने में सफल रही। लड़की और युवक के बीच बीते कुछ माह से प्रेम संबंध चल रहा था और लड़की की 18 साल उम्र होने पर दोनों की शादी करने की योजना थी। लड़की और उसके बच्चे की देखभाल आरोपी का परिवार कर रहा है, लेकिन पुलिस इस पूरे मामले को दुष्कर्म के तौर पर ले रही है क्योंकि युवती की उम्र अभी 17 साल है।