स्वास्थ्य

लीजिए अब खाइए गुलाबी और पीली फूलगोभी, भारतीय किसान ने इस अनोखी तकनीक से उगाई

फूलगोभी का रंग सफेद या मटमैला ही देखा है, लेकिन क्या आपने रंग बिरंगी पीली-गुलाबी रंग की फूलगोभी देखी है? दरअसल यह कारनामा महाराष्ट्र के नासिक के एक किसान ने कर दिखाया है। उन्होंने चटक गुलाबी और पीले रंग की हाइब्रिड फूलगोभी उगाने का कमाल कर दिखाया है। नासिक के इस किसान का नाम महेंद्र निगम है। महेंद्र निगम नासिक जिले के मालेगांव तालुका में दाभाडी गांव के रहने वाले हैं। 42 साल के महेंद्र निगम ने 70 दिन पहले स्विट्जरलैंड की कंपनी सिनजेंटा एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी से 40 हजार के फूल गोभी के बीज खरीदे और एक जमीन में इन्हें अपने अनुसार बोए।

महेंद्र कि यह हाइब्रिड गोभी उगने के बाद दुनिया भर में चर्चा का केंद्र बन गई है। उनके खेत में गुलाबी और पीले रंग की फूलगोभी की बहार लग गई है। दूर से देखने पर इन रंगों की छटा बड़े फूलों जैसे दिखाई देती है। इन्हें दूर से देखने पर ऐसा लगता है जैसे पीले और गुलाबी रंग के बड़े-बड़े फूल खिल खिला रहे हो। बता दे निगम ने सिर्फ 12वीं तक की पढ़ाई की है, लेकिन वह खेती में बीते 10 सालों से नए नए प्रयोग आजमा रहे हैं। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों के किसान भी उनका काफी सम्मान करते हैं। वह कहते हैं कि सिनजेंटा कंपनी ने उनके खेत को इस तरह के नए आयामों के लिए चुना है और इसके लिए वह खुद को किस्मत वाला मानते हैं।

महेंद्र निगम बताते हैं कि एक किलो इस तरह की फूल गोभी के लिए बाजार में 80 रुपये प्रति किलो का भाव मिलता है। ऐसे में निगम ने करीब 20000 किलो गोभी की फसल तैयार की है। निगम के मुताबिक उन्हें अपने खेत में यह हाइब्रिड गोभी उगाने पर कुल खर्चा 2 लाख रुपये का आया है। इस तरह की फूलगोभी को महाराष्ट्र के कुछ चुनिंदा शहरों के ग्राहकों के पास भेजा जाता है। इस तरह की फूलगोभी को लेकर एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान सिनजेंटा के महाराष्ट्र में प्रोटेक्टेड क्रॉप्स स्पेशलिस्ट शिरीष शिंदे ने कहा कि उनकी कंपनी ने पिछले 2 सालों में अनेक सब्जियों का क्रॉस कल्टीवेशन कर इस प्रणाली को विकसित किया है। इसके अलावा हरियाणा के करनाल इलाके में इसका अनुसंधान किया गया है।

महाराष्ट्र में सबसे पहले महेंद्र निगम के खेत में प्रयोग पर रंगीन फूल गोभी उगाई गई है। शिंदे के मुताबिक हाइब्रिड फूलगोभी में विटामिन ए की मात्रा का उत्पादन बहुत ज्यादा होगा। इससे इंसान की आंख और नाक की त्वचा को विटामिन ए भरपूर मात्रा में मिलेगा। नासिक के महेंद्र की फूलगोभी इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में छाई हुई है और लोग महेंद्र के इस अनोखी शुरूआत की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button