राष्ट्रीय

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- दिल्ली-मुंबई रूट पर बन रहा दुनिया का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे, ये गर्व की बात है

गुरुग्राम: केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी आज हरियाणा के गुरुग्राम जिला पहुंचे। यहां सोहना में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं अन्य नेताओं के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण-कार्य की समीक्षा की। इस दौरान मीडिया से मुखातिब केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, हमारे देश में दुनिया का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे तैयार हो रहा है.. ये हमारे लिए गर्व की बात है। इस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के माध्यम से, हम देश की राजधानी से लगभग 12.5 घंटे में मुंबई पहुंच पाएंगे।

केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, मुझे इस बात की खुशी है कि, दिल्ली और हरियाणा होते हुए कई महत्वपूर्ण सड़क मार्ग देश के कई हिस्सों को सीधा जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हरियाणा सरकार द्वारा कराया जा रहा ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे का निर्माण दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसने पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड जैसे राज्यों से यातायात को डायवर्ट किया है। उन्होंने कहा कि, इससे राष्ट्रीय राजधानी को अत्यधिक प्रदूषण से राहत मिली है।

केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के बारे में बताते हुए कहा कि, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे पर यातायात 2 साल में शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि, इसके लॉन्च होने पर दूरी 727 से 572 किमी हो जाएगी और 6 घंटे दिल्ली से कटरा पहुंचने में लगेंगे। इसी तरह हम 2 घंटे में अन्य बड़े शहरों तक पहुंचाने वाले रूट्स भी तैयार कराएंगे। जिनमें दिल्ली-चंडीगढ़, दिल्ली-देहरादून और दिल्ली-हरिद्वार वाली सड़कें शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि, आपको न सिर्फ दूरी कम लगेगी..बल्कि समय बचेगा और जाम से भी ​मुक्ति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button