भारत के नौसैनिक जहाज आईएनएस तरकश का जिबूती का दौरा
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2022/07/image001C4A4.jpg)
(सूडान की नौसेना के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास भी किया )
नई दिल्ली: आईएनएस तरकश जो भारतीय नौसेना के कई अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है और रडार की पहुंच से बचने में सक्षम है , ने पूर्वी अफ्रीकी देश जिबूती का दौरा किया है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बंदरगाह पर आईएनएस तरकश के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन अब्राहम सैमुअल ने जिबूती में भारत के माननीय राजदूत श्री रामचंद्रन चंद्रमौली से मुलाकात की।
जिबूती के समुद्री क्षेत्र समुद्री डकैती के लिए जाने जाते हैं। जिबूती हॉर्न ऑफ अफ्रीकन देशों सोमालिया , इरीट्रिया , इथोपिया की सूची में शामिल है । जिबूती में चीन ने अपना नौसैनिक अड्डा भी खोला है जिससे इस क्षेत्र में भारतीय हित प्रभावित हो सकते हैं।
आईएनएस तरकश ने इसी के मद्देनजर 7 जुलाई 2022 को सूडान के नौसेना बेस के पास लाल सागर में सूडान नौसेना के जहाजों अल्माज (पीसी 411) और निमेर (पीसी 413) के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास भी किया। जिबूती के दौरे के बाद आईएनएस तरकश ने सूडान की नौसेना के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास भी किया।
आईएनएस तरकश युद्धपोत भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का हिस्सा है और फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पश्चिमी नौसेना कमान के संचालन कमान के तहत कार्य करता है।