अन्तर्राष्ट्रीयब्रेकिंग

अमेरिका में ‘माइकल’ ने मचाई तबाही, कई लोगो की गयी जान

पनामा सिटी (अमेरिका): अमरीका के फ्लोरिडा में आया माइकल तूफान अपने पीछे सिर्फ तबाही की तस्वीरें छोड़ गया है। फ्लोरिडा के तटीय इलाकों में आए इस तूफान ने कई लोगों का सबकुछ छीन लिया। ऊपर दिख रही तस्वीर में तबाही का मंज़र साफ देखा जा सकता है। ड्रोन से ली गई इस तस्वीर में सिर्फ मलबा ही मलबा नज़र आ रहा है। घर टूट गए हैं, पेड़ उखड़ गए हैं और कई इलाकों में पानी भर गया है। इस त्रासदी में कई लोगों की जान भी गई है। अब तक कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है और कई जगहों पर लोग अब भी फंसे हुए हैं। इन लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव का काम युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। माइकल तूफान बुधवार को फ्लोरिडा के उत्तर पश्चिमी तट से टकराया था। इस दौरान 250 प्रति किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलीं। ये हवाएं इतनी तेज़ थीं कि घर के घर टूटकर बिखर गए। तूफान की चेतावनी पहले ही जारी कर दी गई थी। तीन लाख सत्तर हज़ार लोगों को इलाका खाली करने के लिए कहा गया था। हालांकि प्रशासन का कहना है कि कई लोगों ने इस चेतावनी को नज़रअंदाज़ किया। फ्लोरिडा के गवर्नर ने बताया कि रात में कुल 10 बचाव अभियान चलाए गए थे। जिसमें कम से कम 27 लोगों की जान बचाई गई। इस तूफान में कई लोगों का सब कुछ बर्बाद हो गया। अमरीकी समयानुसार बुधवार दोपहर 2 बजे माइकल तूफ़ान सबसे पहले फ़्लोरिडा के मेक्सिको बीच के पास पैनहैंडल तट पर पहुंचा। इस तूफ़ान को अमरीकी मुख्य भूभाग के सबसे भयानक तूफ़ानों में से एक माना जा रहा है। इसके चार चरणों की तीव्रता सैफ़िर सिंपसन स्केल पर चार रही। इसकी भयावहता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी चपेट में आने वाले कई घर नींव सहित उखड़ गए। पानी की इन नावों को देखकर ऐसा लग रहा है मानो किसी ने इन्हें तोड़ मरोड़ कर एक किनारे फेंक दिया हो। फ़ेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के प्रमुख ब्रोक लॉन्ग ने बताया कि मेक्सिको बीच इससे सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है। इस शहर में इमारतें और बिजली के तार मलबे का हिस्सा बन गए हैं। तूफ़ान के कारण फ़्लोरिडा में चार, जॉर्जिया में एक और नॉर्थ कैरोलीना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अधिकारियों का कहना है कि गैड्सडेन शहर में गिरते पेड़ के नीचे दब कर एक व्यक्ति की मौत हुई। जॉर्जिया में धातु की छत एक घर पर गिरी जिस कारण 11 साल की बच्ची की मौत हो गई। अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि जिस वक्त तूफान आया होगा उस वक्त कैसे सब कुछ टूट-फूट रहा होगा। अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने माइकल तूफान से मची तबाही को लेकर व्हाइट हाउस में समीक्षा बैठक की। अमरीका के राष्ट्रीय तूफ़ान केंद्र के मुताबिक़ माइकल अब जॉर्जिया को पार करता हुआ पूर्वोत्तर की ओर बढ़ गया है और इसकी रफ्तार अब कम हो चुकी है। इस बीच फ्लोरिडा के गवर्नर स्कॉट ने आम लोगों से अपील की है कि वो तब तक शहर में वापस ना लौटें जब तक मलबे को हटा कर हालात ठीक ना कर लिए जाएं।

Related Articles

Back to top button