टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

आंधी-तूफान और बिजली गिरने से पांच राज्यों में 48 की मौत, 12 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी


लखनऊ/नई दिल्ली : दक्षिणी राज्यों के साथ महाराष्ट्र से मानसून गुजरात की ओर आगे बढ़ रहा है। मानसून आज मुम्बई पहुंचा है और भारी बारिश हुई, आवागमन बाधित हो गया। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को मानसून के पहले की बारिश हुई। इन राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 48 लोगों की मौत हो गई। कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में वक्त से पहले मानसून पहुंच गया। मौसम विभाग ने देश के 12 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश और बिजली गिरने से जुड़ी घटनाओं में बिहार में 24, उत्तर प्रदेश में 11, झारखंड में 9, ओडिशा और मध्य प्रदेश में दो-दो लोगों की मौत हुई है। बिहार में 31, झारखंड में 8, मध्य प्रदेश में 7, ओडिशा में तीन लोग घायल हुए हैं। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में गर्मी का असर बना हुआ है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर, कोटा, बीकानेर, पिलानी और जयपुर में तापमान 45.3 डिग्री से 42.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।उधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल समेत 12 राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तूफान, गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान है। बता दें कि मई से अब तक तूफान और बिजली गिरने से देशभर में 350 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। दक्षिणी राज्यों के साथ महाराष्ट्र और गुजरात में मानसून आगे बढ़ रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को मानसून के पहले की बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश के शिमला सहित अन्य स्थानों पर तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में 9-10 जून और अरब सागर में कोंकण और गोवा तट पर 12 जून तक तेज हवा के साथ ऊंची समुद्री लहरें उठने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित गुजरात के पश्चिमी इलाकों में अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 जून को महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, त्रिपुरा, मिजोरम, नगालैंड, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तूफान और गरज चमक के आसार हैं। मुंबई में मानसून शनिवार को दस्तक दे चुका है। अब यह महाराष्ट्र के अन्य शहरों से होते हुए गुजरात की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के एडिशनल डायरेक्टर जनरल डॉ. एम महापात्रा ने कहा कि 9 और 10 जून को मुंबई में 8 इंच तक भारी बारिश हो सकती है। खतरे को देखते हुए बीएमसी ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। तटीय इलाकों में नौसेना के जवानों को तैनात कर दिया गया है। मई की शुरुआत से उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव देखा गया। आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने से करीब 366 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में तूफान का असर ज्यादा रहा। 2 और 3 मई को उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आंधी-तूफान के चलते 130 से ज्यादा लोगों की जान गई। सिर्फ आगरा में ही 80 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 9 और 10 मई को आंधी-तूफान और बारिश में 18 लोगों की मौत हुई। फिर 14 मई को भी ऐसी ही घटनाओं में 51 लोगों की जान गई। 28 और 29 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में 45 लोगों की मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button