स्पोर्ट्स

चेन्नई का अजेय अभियान जारी, मुंबई की चौथी हार

chennaiमुंबई : डवेन स्मिथ और ब्रैंडन मैकुलम की सलामी जोड़ी से मिली तूफानी शुरुआत की बदौलत चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए आईपीएल आठ में आज यहां मुंबई इंडियन्स को 20 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से हराया। मुंबई की यह लगातार चौथी हार है। मुंबई ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती झटकों से उबरकर सात विकेट पर 183 रन बनाये। उसकी तरफ से कीरोन पोलार्ड ने दसवें ओवर में क्रीज पर कदम रखा और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 64 रन बनाये जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल हैं। रोहित ने 50 रन की पारी खेली। मुंबई ने आखिरी दस ओवरों में 121 रन बनाये। चेन्नई की तरफ से आशीष नेहरा ने 23 रन देकर तीन विकेट लिये।
स्मिथ (30 गेंद पर 62 रन) और मैकुलम (20 गेंद पर 46 रन) ने पहले विकेट के लिये केवल 7.2 ओवर में 109 रन जोड़कर चेन्नई को तूफानी शुरुआत दिलायी। बाद में सुरेश रैना ने 29 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाये। चेन्नई ने केवल 16.4 ओवर में चार विकेट पर 189 रन बनाकर तीन मैचों में अपने अंकों की संख्या छह पर पहुंचायी। इससे मुंबई का आईपीएल आठ में पहली जीत का इंतजार बढ़ गया। अपने आक्रामक तेवरों के लिये मशहूर मैकुलम और स्मिथ ने शुरू से ही 15 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाये। इन दोनों ने मुंबई के मुख्य गेंदबाज लेसिथ मालिंगा को निशाने पर रखा जिन्होंने अपने पहले दो ओवरों में 33 रन लुटाये। उनके पहले ओवर में 12 और दूसरे ओवर में 21 रन बने। स्मिथ और मैकुलम ने इस ओवर में दो-दो चौके जड़े।

Related Articles

Back to top button