दिल्ली

जन आक्रोश रैलीः दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी मंच पर पहुंचे…

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘जन-आक्रोश रैली’ शुरू हो चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद दिल्ली में राहुल गांधी की यह पहली रैली है। राहुल भी रामलीला मैदान में पहुंच चुके हैं। कुछ देर बाद वह रैली में आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इससे पहले रैली में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विश्व बाजार में तेल का दाम घटा है, लेकिन अपने देश में ये बढ़ा है।जन आक्रोश रैलीः दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी मंच पर पहुंचे...

उन्होंने देश में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश की बहू बेटियों को भाजपा नेताओं से बचाइये। वहीं, कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा की सरकार ने जो वादे किये उसे पूरा नहीं किया। रैली में 1 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, रैली स्थल पर जगह नहीं मिलने के कारण अधिकाश समर्थक बाहर खड़े हैं। 

बताया जा रहा है कि मुंबई से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लेकर आ रही ट्रेन सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंची। यह ट्रेन 8 घंटे देरी से दिल्ली पहुंची। इस पर कांग्रेसी नेता संजय निरुपम ने रेल मंत्री को फोन कर उनसे शिकायत भी दर्ज कराई।

आसपास के राज्यों से लोग दिल्ली पहुंचेंगे

रैली में भीड़ जुटाने के लिए आसपास के राज्यों से लोग दिल्ली पहुंचे हैं जिसके चलते इस रैली का असर ट्रैफिक यातायात पर भी पड़ा। हालांकि राहत की बात है कि रविवार होने के कारण सरकारी दफ्तर, स्कूल कॉलेज बंद हैं।

रैली को लेकर व्यापक इंतजाम

रैली को सफल बनाने के लिए कई कमेटियां बनाई गई हैं, जिनकी तैयारियों के संबध में लगातार बैठकें हो रही हैं। अन्य तैयारियों के साथ ही दिल्ली में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर कई स्थानों पर पेयजल 14 छबील और वाहनों की पार्किंग का इंतजाम है।

दिल्ली में लग सकता है जाम

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली की वजह से नई दिल्ली इलाके में जाम लग सकता है। यही वजह है यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से रामलीला मैदान के आस पास के रास्तों का उपयोग न करने सलाह दी है।

यातायात पुलिस के अनुसार अरूणा आसफ अली, दिल्ली गेट, दरियागंज, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, अजमेरी गेट, पहाड़गंज, आइटीओ, राजघाट, मिंटो रोड और जवाहर लाल नेहरू मार्ग का उपयोग न करें। इसके साथ ही दिल्ली गेट और राजघाट से जवाहरलाल नेहरू मार्ग, पहाड़गंज चौक से अजमेरी गेट, डीडीयू मार्ग से कमला मार्केट और लाहौरी गेट, बाराखंबा रोड से गुरू नानक चौक पर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होगा।

Related Articles

Back to top button