स्पोर्ट्स

तीन सौ सिक्स लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं क्रिस गेल, आज रात आठ बजे से शुरू होगा पहला मैच

नई दिल्ली : आईपीएल 2019 का 12वां संस्करण 23 मार्च से शुरू होगा। पहला मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स सीएसके और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच है। सीएसके आईपीएल की सबसे सफल टीम है। वह 3 बार खिताब जीत चुकी है। उसने हर बार अंतिम-4 में जगह बनाई है। मुंबई इंडिंयस ने भी 3 बार खिताब जीता है, लेकिन वह हर बार अंतिम-4 में जगह नहीं बना पाई है। आरसीबी एक बार भी खिताब नहीं जीत पाई है, लेकिन छक्के लगाने के मामले में वह टॉप पर है। आरसीबी की ओर से कुल 1038 छक्के लगे हैं। उसके खिलाड़ियों ने औसतन हर 18वीं गेंद पर एक छक्का लगाया है। इस सूची में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस है। मुंबई के खिलाड़ियों ने 980 छक्के लगाए हैं। उसके खिलाड़ी औसतन 20 गेंद खेलने के बाद एक छक्का लगाते हैं। आईपीएल मेंं सबसे ज्यादा 292 छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। इस टूर्नामेंट में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेल रहे वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। वे अब तक 112 मैच में 292 छक्के लगा चुके हैं। वे औसतन हर नौ गेंद पर एक छक्का लगाते हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 141 मैच में 186 छक्के लगाए हैं। डिविलियर्स आरसीबी के सदस्य हैं। एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 23 अप्रैल 2013 को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ खेले गए मैच में 175 रन की पारी खेली थी। इसमें उन्होंने 17 छक्के और 13 चौके लगाए थे। इस मामले में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम हैं। मैकुलम ने 18 अप्रैल 2008 को बेंगलुरु के मैदान पर आरसीबी के खिलाफ मैच में 13 छक्के की मदद से 158 रन बनाए थे। गेल ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया है। उन्होंने इस मैदान पर 126 छक्के लगाए हैं। उनके सबसे कम छक्के हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर हैं। वहां वे अब तक 10 छक्के ही लगा पाए हैं।आईपीएल में किसी मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगने की बात की जाए तो एम चिन्नास्वामी स्टेडियम टॉप पर है। इस मैदान पर अब तक 1007 छक्के लगे हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम है। वहां आईपीएल के मैचों के दौरान अब तक 781 छक्के लग चुके हैं। तीसरे नंबर पर दिल्ली का फिरोजशाह कोटला है। कोटला पर 757 छक्के लगे हैं।

Related Articles

Back to top button