दिल्लीराज्य

दिल्ली- NCR में मौसम ने बदला अपना रुख, बूंदाबांदी से मिली लोगों को गर्मी से राहत

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में रविवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। दिल्ली से सटे फरीदाबाद और गुरुग्राम में तेज हवाओं के हल्की बारिश हो रही है। उधर, रेवाड़ी में भी मौसम तेजी से बदला। यहां पर कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश हो रही है।

इसके अलावा नूंह में भी मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। यहां पर बादल छाये हुए हैं और तेज हवा बह रही है। मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। राजधानी के कई इलाकों में धूल भरी आंधी के बाद बूंदाबांदी हो रही है। पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी में तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने जताई थी बारिश की संभावना
इससे पहले मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के मुताबिक, रविवार को दिल्ली के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने के आसार हैं। दिन भर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर से नमी वाली हवा दस्तक देगी। जिससे दिल्लीवालों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

शनिवार को गर्मी से परेशान रहे लोग
बता दें कि शनिवार को लोग गर्मी से काफी परेशान रहे। दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 55 फीसद और न्यूनतम स्तर 20 फीसद दर्ज हुआ।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात में भी दिल्ली और नोएडा के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई थी। नोएडा में भी तेज हवाएं चल रही हैं। 

Related Articles

Back to top button