स्पोर्ट्स

मैन ऑफ द मैच बने रोहित शर्मा ने तोड़ा युवराज सिंह का रिकॉर्ड

भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए ट्राईसीरीज़ के पांचवें मुकाबले को टीम इंडिया ने 17 रन से जीतकर इस टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा ने शानदार 89 रन बनाकर अपने फॉर्म में वापस आने के संकेत दे दिए। पिछली सात पारियों के बाद रोहित ने ये पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने इससे पहले पोर्ट एलिजाबेथ में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाज़ा गया। इस पारी के दौरान हिटमैन ने सिक्सर किंग युवराज सिंह के एक रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। मैन ऑफ द मैच बने रोहित शर्मा ने तोड़ा युवराज सिंह का रिकॉर्ड

युवी का रिकॉर्ड तोड़कर रोहित निकले सबसे आगे

टीम इंडिया के हिटमैन शर्मा ने इस बेहतरीन पारी के दौरान 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 61 गेंदों पर 89 रन ठोके। इसी के साथ रोहित शर्मा ने टी 20 मैचों में भारत के लिए सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। रोहित ने युवराज सिंह के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर ये उपलब्धि हासिल की। इस पारी में अपना पांचवां छक्का लगाने के साथ ही रोहित ने युवराज सिंह के टी 20 में लगाए गए 74 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। टी 20 क्रिकेट में रोहित शर्मा अब भारत की तरफ से सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने क्रिकेट के इस फॉर्मेट में 75 छक्के लगाए हैं।

इनसे अब भी पीछे हैं हिटमैन 

क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के धुआंधार बल्लेबाज़ और क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल सबसे ऊपर बने हुए हैं। दोनों ने 103 छक्के मारे हैं। इस लिस्ट में 91 छक्कों के साथ न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैक्कलम तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन (83 छक्के) और उनके ही देश के डेविड वार्नर (79 छक्के) के साथ चौथे और पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। आठवें स्थान पर पहुंचे रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और इंग्लैंड इयन मोर्गन के पीछे हैं। मुनरो के 78 छक्के हैं, तो सातवें स्थान पर मौजूद मोर्गन के 76 छक्के हैं।

शर्मा ने ठोका 13वां अर्धशतक

रोहित का इस सीरीज में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने सारी कसर पूरी कर दी। वह सीरीज के शुरुआती मैच में श्रीलंका के खिलाफ खाता तक नहीं खोल सके जबकि बांग्लादेश के खिलाफ वह 17 रन बना सके। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ वह 11 रन पर आउट हो गए थे। रोहित का इस सीरीज में यह पहला और टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 13वां अर्धशतक रहा।

Related Articles

Back to top button