ब्रेकिंगलखनऊ

लोकसभा चुनाव प्रचार में मोदी और शाह के बाद सर्वाधिक मांग योगी की


लखनऊ : आसन्न लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह के बाद प्रचार के लिये सर्वाधिक मांग उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। भाजपा सूत्रों के अनुसार योगी की मांग कई राज्यों से आ रही है। बंगाल में ताबड़तोड़ रैलियां करने के बाद आज उन्होंने उड़ीसा में जनसभा को सम्बोधित किया। वह जल्द ही पूर्वोत्तर के राज्यों में दौरा शुरू करेंगे। चुनाव के उफान पर आने के बाद वह ज्यादा समय उत्तर प्रदेश में देंगे। अभी दूसरे राज्यों में उनका लगातार कार्यक्रम लग रहा है। मुख्यमंत्री के साथ ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी दूसरे राज्यों में लगातार सभा कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने मध्यप्रदेश और कुछ अन्य राज्यों में कार्यक्रम दिये हैं। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मुख्यमंत्री आवास पर इस सम्बन्ध में विचार विमर्श भी हुआ है। पार्टी ने इससे पहले हुये विधानसभा चुनाव में योगी को स्टार प्रचारक के रुप में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक और गुजरात भी भेजा था। इन प्रदेशों में योगी की रैलियों में काफी भीड़ आती थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार योगी की उन क्षेत्रों में अधिक सभायें करायी जा रही हैं, जहां उत्तर प्रदेश के लोगों की पर्याप्त संख्या है। नाथ सम्प्रदाय के साधुओं के इलाकों में भी योगी की सभायें करायी जा रही हैं। मुख्यमंत्री की केरल में भी ताबड़तोड़ यात्रा करायी गयी थीं। इससे साफ है कि संगठन उन्हें सिर्फ उत्तर प्रदेश तक ही सीमित नहीं रखना चाहता। योगी अपने पहनावे की वजह से बिना कुछ कहे हिन्दुत्व का संदेश दे देते हैं। भाजपा इसी वजह से एक सोची समझी रणनीति के तहत उन्हें कई अन्य राज्यों में लगातार भेज रही है। पहनावे और महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री होने के कारण वह वहां आकर्षण का केन्द्र रहते हैं। उन्होंने केरल की वामपंथी सरकार को राजनीतिक हत्याओं के लिये कठघरे में खड़ा करने की कोशिश की थी। वहां की सरकार के खिलाफ अपनी कार्यशैली के मुताबिक आक्रामक रुख अपनाया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने केरल में आरोप लगाया था कि राजनीतिक संरक्षण में हत्यायें हो रही हैं। भाजपा ने इन हत्याओं के खिलाफ लोगों को जागरुक करने के लिये यात्रा निकाली थी। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों का दावा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ योगी को राष्ट्रीय स्तर पर उभार रही है। भाजपा उन्हें केरल भेजने से पहले बंगाल, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा में विभिन्न कार्यक्रमों में भेज चुकी है। उड़ीसा विधानसभा चुनाव में भी उनके कई कार्यक्रम लगने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button