लखनऊ

सी.एम.एस. छात्रों ने वन्यजीवों के सहायतार्थ पॉकेट मनी से जुटाये 4 लाख रूपये, एनीमल आश्रम एवं स्पार्क इण्डिया को दिया दान


लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के छात्रों ने वन्यजीवों के सहायतार्थ अपनी पॉकेट मनी से 4 लाख रूपये की सहयोग राशि जुटाकर वन्यजीवों को समर्पित अग्रणी संस्था एनीमल आश्रम एवं स्पार्क इण्डिया को दान स्वरूप भेंट किया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि एनीमल आश्रम एवं स्पार्क इण्डिया दोनों संस्थाओं को दो-दो लाख रूपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की गई है। इस प्रकार कुल चार लाख रूपये वन्यजीवों के सहायतार्थ प्रदान किये गये हैं। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को वन्यजीवन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण व सामाजिक जागरूकता विभिन्न कार्यक्रमों में बढ-चढ़ कर प्रतिभाग के लिए प्रोत्साहित करता है, जिससे सी.एम.एस. छात्र प्रकृति प्रदत्त संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक हो सकें और समाज में अपनी रचनात्मक भूमिका निभा सकें। सी.एम.एस. का मानना है कि वन्यजीव भी प्रकृति प्रदत्त संसाधनों में से एक हैं जो इस प्राकृतिक व्यवस्था को सुचारू ढंग से चलाये रखनें में अनुपम भूमिका निभाते हैं, अतः वन्य जीवों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक कर्तव्य है। सी.एम.एस. के इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप विद्यालय के छात्रों ने शैक्षिक क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करने के साथ ही सामाजिक जागरूकता की भी अनूठी मिसाल प्रस्तुत की है।

Related Articles

Back to top button