टॉप न्यूज़लखनऊस्पोर्ट्स

भारतीय जूनियर महिला टीम ने जीता मैच और सीरीज

लखनऊ। फारवर्डो के आक्रामक अंदाज और रक्षा पंक्ति से उम्दा समन्वय के चलते मेजबान भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने इंडो-फ्रेंच हॉकी टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में फ्रांस को 2-0 से मात देते हुए शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने सीरीज भी 3-1 से अपने नाम कर ली।
विजयंत खंड स्थित पद्मश्री मो. शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में बेहद रोमांचक इस मैच में पूरे समय भारतीय लड़कियों ने दबदबा बनाए रखा। इस मैच के पहले क्वॉर्टर में दोनों ही टीमों ने तेज खेल दिखाया लेकिन गोल नहीं कर सकी।
इंडो-फ्रेंच हॉकी टेस्ट सीरीज: आखिरी मैच में फ्रांस को 2-0 से हराकर 3-1 से जीती सीरीज
दूसरे क्वार्टर में ज्योति ने 26वें मिनट में गोल दागकर खाता खोला। इस दौरान गेंद लेकर तेजी से आगे बढ़ते हुए ज्योति ने फ्रांस की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए ऐसा शॉट खेला कि प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर बस देखती ही रह गई। दूसरे क्वार्टर में मिली 1-0 की बढ़त केबाद भारतीय लड़कियों ने प्रतिद्वंद्वी के गोलपोस्ट में ताबड़तोड़ हमले किए जिससे फ्रांस की टीम रक्षात्मक खेलने पर मजबूर हो गई। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में टीम के लिए दूसरा गोल गगनदीप कौर ने दागा। खेल के 32वें मिनट में फ्रांसीसी खिलाड़ी ने फाउल किया जिस पर मिले पेनाल्टी कार्नर को गगनदीप कौर ने गोल में तब्दील करते हुए टीम की बढ़त 2-0 करदी। गगनदीप ने ऐसा तगड़ा शॉट खेला कि गेंद सीधे गोल पोस्ट में जा घुसी। इसके बाद चौथे क्वार्टर में भारतीय लड़कियों ने ज्यादातर समय गेंद अपने पास रखी। इस दौरान पूरे मैच में भारतीय लड़कियों ने फ्रांस की हर रणनीति को नाकाम कर दिया और मेहमान टीम पूरे मैच में भारत के दमदार हमलों के आगे बेबस दिखी। वहीं भारतीय डिफेंडर ने भी फ्रांस के हमलो को बखूबी नाकाम किया। वहीं भारतीय गोलकीपर खुशबू ने भी अच्छा प्रदर्शन किया तो फ्रांसीसी गोल कीपर पैट्रियॉक्स ने भी भारत को ज्यादा गोल दागने का मौका नहीं दिया और अंत में भारत ने 2-0 की बढ़त को बनाए रखते हुए मैच में जीत के साथ सीरीज भी अपने नाम कर ली। वही इस मैच में सातवें मिनट में फ्रांस की ब्रेक जूली चोटिल हो गई। मैच के दौरान उनके सिर में लगी चोट के चलते वह मैदान पर गिर पड़ी। इसके बाद डॉक्टरों की देखरेख में आयोजकों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button