उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

UP के सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की फिर खराब हुई तबीयत, मेदांता में भर्ती…

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को सोमवार रात करीब सवा आठ बजे गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें अस्पताल के आइसीयू में दाखिल किया गया है।

शुगर बढ़ने के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें रविवार को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के रिपोर्ट सामान्य बताने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री को घर ले जाया गया था। सोमवार शाम को फिर से तबीयत खराब होने बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उनका इलाज वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुशीला कटारिया की देख-रेख में किया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री लखनऊ से हवाई जहाज से दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया गया। वहां से निजी गाड़ी में उन्हें मेदांता पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार बुखार व शुगर बढ़ने के कारण स्वास्थ्य खराब हुआ है। डॉक्टर ने उनकी बीमारी से जुड़ी कई जांच कराई, जिनकी रिपोर्ट मंगलवार सुबह आएंगी। इससे पहले भी सिंह कई बार मेदांता अस्पताल में डॉ. सुशीला कटारिया की देख-रेख में इलाज करा चुके हैं।

दिन में CM योगी ने मुलायम की पूछी कुशलक्षेम

दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के आठ, विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। शुगर बढऩे की वजह से शनिवार को मुलायम की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती करवाया गया था। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी थी।

अखिलेश और शिवपाल भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री सोमवार को मुलायम सिंह यादव के आवास पर पहुंचे तो पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने मुलायम सिंह यादव की तबीयत के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मुलायम ने भी खुले दिल से योगी का स्वागत किया। इस बीच मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी आ गए। बहुत ही आत्मीय और पारिवारिक माहौल में योगी ने हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने मुलायम को प्रयागराज कुंभ-2019 से संबंधित पुस्तक भी भेंट की। योगी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि मुलायम को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें। अखिलेश यादव के बच्चे भी इस बीच आ गये थे और मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी बातचीत की।

Related Articles

Back to top button